![]()
दरभंगा में तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार को रौंद दिया। मौके पर ही युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद ड्राइवर गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया। घटना केवटी थाना क्षेत्र के पाराडीह स्थित ब्लू वेल्स स्कूल के पास की है। मृतक की पहचान हनुमाननगर वार्ड-5 निवासी विनोद पंडित के पुत्र कुशेश्वर पंडित(25) के तौर पर हुई है। परिजन के मुताबिक सोमवार सुबह करीब पांच बजे घर से ससुराल जाने के लिए निकला था। उनकी सास ने रविवार रात फोन कर कटहल देने के लिए बुलाया था। घर से करीब आठ किलोमीटर दूर पहुंचते ही अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। बाइक से नीचे गिरने के बाद उनके सिर के ऊपर से कोई भारी वाहन गुजर गया, जिससे मौके पर ही मौत हो गई। घटनास्थल पर एक हेलमेट भी मिला है। हालांकि हादसे के समय हेलमेट पहन रखा था या नहीं, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। 10 महीने के बेटे के सिर से उठा पिता का साया कुशेश्वर पंडित की शादी करीब दो वर्ष पहले हुई थी। राजमिस्त्री का काम करते थे। खाली समय में ड्राइवर का काम भी करते थे। इसी मेहनत-मजदूरी से परिवार का भरण-पोषण होता था। परिवार में 4 भाई और तीन बहन हैं, जिनमें कुशेश्वर तीसरे नंबर पर थे। 10 महीने का एक बेटा है। हादसे की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने प्रशासन से मुआवजे और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। छानबीन में जुटी पुलिस वहीं, इस संबंध में केवटी थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेजा गया है। परिजनों से आवेदन मिलने पर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
दरभंगा में रोड एक्सीडेंट में युवक की मौत:कटहल लाने ससुराल जा रहा था, घर से 8 किलोमीटर दूर अज्ञात वाहन ने रौंदा
