- Hindi News
- National
- Jammu Court Non Bailable Warrant Against Hafiz Saeed | Pahalgam Attack Case
श्रीनगरकुछ ही क्षण पहले
- कॉपी लिंक

जम्मू की स्पेशल कोर्ट ने लश्कर-ए-तैयबा चीफ हाफिज सईद के खिलाफ पहलगाम केस में गैर-जमानती वारंट जारी किया है। कोर्ट ने कहा कि निष्पक्ष जांच के लिए हाफिज सईद को हिरासत में लेकर पूछताछ करनी होगी। कोर्ट ने 8 जुलाई को आदेश जारी किया था, जानकारी मंगलवार को सामने आई है।
इससे पहले 6 जुलाई को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने पहलगाम हमले को लेकर सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की थी। एजेंसी ने कहा था कि बैसरनघाटी में हुए आतंकी हमले की साजिश हाफिज सईद ने ही रची थी। NIA ने हाफिज पर भारत के खिलाफ जंग छेड़ने का आरोप लगाया है।
22 अप्रैल 2025 को आतंकवादियों ने पहलगाम में धर्म पूछकर लोगों की हत्या की थी। हमले में 26 टूरिस्ट मारे गए थे। इसके बाद भारत ने 6-7 मई की रात ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान और PoK में 9 ठिकानों पर हमला किया था। भारत का दावा है कि इसमें 100 से ज्यादा आतंकी मारे गए।
पहलगाम हमले की दो तस्वीरें…

पिछले साल 22 अप्रैल को कश्मीर की बैसरन घाटी में आतंकी हमला हुआ था।

सभी के आतंकियों के पास AK-47 और अन्य हथियार थे। आतंकियों की फायरिंग में 26 टूरिस्ट मारे गए थे।
पहली चार्जशीट 15 दिसंबर को दाखिल
पहलगाम हमले के बाद NIA ने 15 दिसंबर 2025 को पहली चार्जशीट दाखिल की थी। इसमें पाकिस्तान के आतंकी हैंडलर साजिद जट समेत 6 आतंकियों को आरोपी बनाया था।
उस वक्त हाफिज सईद का नाम सामने नहीं आया था। पहलगाम हमले के 3 आतंकी मारे जा चुके हैं। आतंकियों का हैंडलर सैफुल्लाह जट्ट उर्फ लंगड़ा अभी जिंदा है। उस पर 10 लाख का इनाम है।
NIA चार्जशीट में अबतक 5 खुलासे…
- साजिद लंगड़ा से मिला रियल टाइम डॉयरेक्शन: जांच में लश्कर आतंकी सैफुल्लाह जट्ट उर्फ साजिद लंगड़ा को हमले का मास्टरमाइंड बताया गया था। वह आतंकियों का मुख्य हैंडलर था। जट्ट ने बैसरन वैली की लोकेशन भेजी और हमले के दौरान पाकिस्तान के लाहौर से आतंकियों को रियल टाइम निर्देश देता रहा।
- दो गाइड्स ने आतंकियों को देखा था: टूरिस्ट गाइड परवेज अहमद जोठार और बशीर अहमद जोठार वक्त रहते जानकारी देते तो हमला को टाला जा सकता था। दरअसल, दोनों गाइड ने आतंकियों को बैसरन में देखा था लेकिन सुरक्षा एजेंसियों को नहीं बताया। दोनों गिरफ्तार हो चुके हैं।
- हमले से पहले खाना खाया: हमले से एक दिन पहले तीनों आतंकियों ने गाइड परवेज की झोपड़ी में खाना खाया और जाते समय रोटी-सब्जी भी साथ ले गए। बैसरन घाटी में वारदात से पहले उन्होंने पेड़ के नीचे खाना खाया और इसके बाद धार्मिक नारे लगाते हुए फायरिंग शुरू कर दी।
- आतंकियों तक चीन से पहुंचा एक्शन कैमरा: हमले में इस्तेमाल किया गया एक्शन कैमरा अमेरिका में बना था और चीन के रास्ते आतंकियों तक पहुंचा। इसका इस्तेमाल बाइकिंग, ट्रैकिंग, डाइविंग और ट्रैवलिंग में वीडियो रिकॉर्ड करने के लिए होता है।
- आतंकियों के मोबाइल कराची-लाहौर से आए: हमले में शामिल दो आतंकियों का 28 जुलाई को एनकाउंटर हुआ। इनके पास से दो मोबाइल (ऑरेंज कलर का RedMi 9T और एक ब्लैक कलर का RedMi Note 12 ) मिले। इनमें बैसरन घाटी की लोकेशन और स्क्रीनशॉट मिले। ये मोबाइल कराची की सप्लाई चेन के जरिए पाकिस्तान पहुंचे थे।

ऑपरेशन महादेव में मारे गए आतंकियों की तस्वीर। (सुलेमान शाह उर्फ फैजल, जटहमजा अफगानी और जिब्रान)
पहलगाम हमले के बाद भारत के बड़े ऑपरेशन
- ऑपरेशन सिंदूर 7 मई 2025: पाकिस्तान और पीओके में जैश और लश्कर के 9 आतंकी ठिकाने ध्वस्त किए। 100 से ज्यादा आतंकवादी मारे गए। 6 जवान शहीद हुए, जानकारी बाद में आई।
- ऑपरेशन केलर 13 मई 2025: इंडियन आर्मी ने शुकेल-केलर और शोपियां 3 लश्कर आतंकी ढेर किए गए। इनमें टॉप कमांडर शाहिद कुट्टे शामिल था।
- ऑपरेशन महादेव 28 जुलाई 2025: महादेव रिज श्रीनगर में राष्ट्रीय राइफल्स, स्पेशल फोर्सेज ने 3 पाकिस्तानी आतंकियों (सुलेमान शाह, अबू हमजा यासिर ) को मार गिराया।
- ऑपरेशन अखल अगस्त 2025: कुलगाम इलाके में बने अखल जंगल में भारतीय सेना ने 3 आतंकी मारे। सुरक्षा बलों ने दक्षिण कश्मीर के जंगलों में सक्रिय मॉड्यूल पर कार्रवाई की थी।
- ऑपरेशन गुड्डर 7–17 सितंबर 2025: चिनार कॉर्प्स ने कुलगाम में गुड्डर जंगल में 2 आतंकी मारे। एनकाउंटर में सेना के 2 जवान सूबेदार प्रभात गौर और लांस नायक नरेंद्र सिंधु शहीद हुए।

————————————–
ये खबर भी पढ़ें…
NIA चार्जशीट में खुलासा- लश्कर ने करवाया था पहलगाम हमला, मास्टरमाइंड साजिद जट्ट ने 2019 में द रेजिस्टेंस फ्रंट बनाया था

कश्मीर के पहलगाम में पिछले साल 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले में पाकिस्तान का हाथ था। यह खुलासा नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) की चार्जशीट में हुआ है। हमले का मास्टरमाइंड लश्कर-ए-तैयबा आतंकी सैफुल्लाह उर्फ सैफुल्लाह साजिद जट्ट उर्फ लंगड़ा था। पूरी खबर पढ़ें…

