Headlines

दरभंगा में टीचर के बेटे की गोली मारकर हत्या:सीने और कनपटी में बुलेट के निशान, पुलिस बोली- मृतक पर आठ मामले दर्ज हैं




दरभंगा के कमतौल में मंगलवार देर रात 25 साल के पेशेवर अपराधी की 3 गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोली अपराधी के सीने और कनपटी में लगी है। अपराधी का शव रतनपुर-कलवाड़ा मेन रोड पर आम के बगीचे के पास झाड़ी में लहूलुहान हालत में मिला। मृतक की पहचान रतनपुर गांव के रहने वाले संजीव कुमार के बेटे आदित्य माधव भारद्वाज उर्फ सत्यम के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, मृतक आदित्य के खिलाफ कमतौर थाने में पहले से 8 मामले दर्ज हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि हत्या कहीं और करने के बाद शव को यहां लाकर फेंका गया है। फिलहाल, हत्या की वजह और हत्यारों का पता नहीं चल पाया है। परिजन ने बताया है कि आदित्य अपनी तीन साल की बेटी के लिए दवा लेने के लिए मंगलवार शाम करीब 5 बजे घर से निकला था। देर रात परिजन को फोन कर आदित्य को गोली मारे जाने की सूचना मिली। देर रात राहगीरों ने चौकीदार को सूचना दी, पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजी लाश घटना की सूचना देर रात राहगीरों ने स्थानीय चौकीदार को दी। चौकीदार ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही कमतौल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। थानाध्यक्ष और सदर एसडीपीओ-2 कमतौल एसके सुमन भी घटनास्थल पर पहुंचे। एफएसएल की टीम को बुलाकर घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य और सैंपल जुटाए गए। रात करीब 12:30 बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए दरभंगा भेज दिया गया। शाम में बेटी की दवा लेने निकला था, रात 8:17 बजे हुई थी पिता से बात मृतक के पिता संजीव कुमार के अनुसार, मेरे बेटे आदित्य को अपनी बेटी के लिए दवा लाना था। शाम करीब 7 बजे चार लड़के आए और मेरे बेटे को कदम चौक अपनी बाइक से लेकर गए। चार में से एक लड़का सत्यम झा, दूसरा रामनाथ महतो, तीसरा रंजीत कुमार और एक लड़का था। 8 बजकर 17 मिनट पर जब मेरी बेटे आदित्य से बात हुई तब उसने कहा कि पापा मैं दवा लेकर आ रहा हूं। इसके बाद 9:45 बजे रात में मुझे गांव के चौकीदार नूनू पासवान का कॉल आया, उसने बताया कि आपके बेटे को गोली लगी है। मैंने उससे पूछा कि बेटे का क्या हाल है, उसे जल्दी से डॉक्टर के पास लेकर जाओ। चौकीदार ने कहा कि यहां डायल 112 की टीम आई है, आप जल्दी से यहां आइए। फिर मैं अपने भतीजे शिवम कुमार और अमित कुमार के साथ घटनास्थल पर पहुंचा। मैंने बेटे को छून की कोशिश की तो डायल 112 के पुलिसकर्मियों ने मुझे मना कर दिया। संजीव बोले- बेटे ने 2021 लव मैरिज की थी मृतक के पिता ने बताया कि मेरे बेटे आदित्य ने लव मैरिज की थी। उसकी एक बेटी है। आदित्य की पत्नी अपनी बुआ के पास गुरुग्राम में रहती है, वो वहां ब्यूटी पार्लर का काम सीख रही है। उन्होंने बताया कि 2 जुलाई को रत्नपुर गांव में शहीद चौक और मेन चौक के बीच से जान से मारने की नीयत से मेरे बेटे आदित्य का अपहरण किया गया था। उस दौरान साजन कुमार और रोहित कुमार ने अन्य दो तीन लोगों के साथ मिलकर अपहरण की घटना को अंजाम दिया था। अपहरण की घटना वाले दिन ही गांव के मणिशंकर ठाकुर ने मुझे फोन कर रहा था कि आपके बेटे की हत्या कर लाश फेंक दी गई है, आप बेटे की लाश लेकर जाइए। मैं जब घटनास्थल पर पहुंचा तो मेरा बेटा बेहोशी की हालत में सड़क पर पड़ा था। मैंने बेटे को तत्काल डीएमसीएच ले जाकर इमरजेंसी वार्ड में एडमिट कराया। उसे सिर पर चोट आई थी। पिस्टल के बट से चोट के निशान थे। उस वक्त मैंने नामजद एफआईआर कराई थी। केस के आईओ कुंदन कुमार थे, जिनका बाद में ट्रांसफर हो गया। आदित्य के घर से 2 किलोमीटर दूर मिली लाश सदर एसडीपीओ-2 कमतौल एसके सुमन ने बताया कि देर रात घटना की सूचना मिली थी। घटनास्थल और शव की स्थिति को देखते हुए प्रथमदृष्टया आशंका है कि युवक की हत्या कहीं अन्य स्थान पर की गई और उसके शव को घर से करीब दो किलोमीटर दूर आम के बगीचे के पास सड़क किनारे लाकर फेंका गया। उन्होंने बताया कि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। गोली किसने मारी और हत्या के पीछे क्या कारण है, इसका पता लगाया जा रहा है। घटनास्थल से आदित्य की जेब से उसका मोबाइल भी बरामद किया गया है। पुलिस अब मोबाइल कॉल डिटेल, घटनास्थल के आसपास की गतिविधियों, युवक के साथ शाम में मौजूद लोगों तथा उसके संपर्क में रहे लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। तकनीकी टीम की मदद से भी मामले की जांच की जा रही है। मृतक पर कमतौल थाने में दर्ज हैं आठ मामले पुलिस के अनुसार, मृतक का पूर्व से आपराधिक इतिहास भी रहा है। कमतौल थाने में उसके खिलाफ आठ मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। इनमें लूटपाट, गोली चलाने और शराब कारोबार से जुड़े मामले शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, युवक पूर्व में कई बार जेल भी जा चुका था। इसके अलावा सिंहवाड़ा सहित आसपास के अन्य थानों में उसके खिलाफ दर्ज मामलों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि युवक के पुराने आपराधिक संपर्कों का इस हत्या से कोई संबंध तो नहीं है। शराब कारोबार से जुड़े किसी लेनदेन या आपसी विवाद की आशंका समेत अन्य सभी संभावित कारणों को जांच के दायरे में रखा गया है। हालांकि हत्या की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस उसके मोबाइल फोन और तकनीकी साक्ष्यों की जांच के साथ-साथ परिजनों एवं परिचितों से भी पूछताछ कर रही है। इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर चुका था आदित्य परिजनों के अनुसार, आदित्य ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई की थी। उसके परिवार में मां सविता देवी, पिता संजीव के अलावा पत्नी मोनी और तीन साल की बेटी है। वो एक भाई और एक बहन में बड़ा था। मृतक की मां सविता देवी पकड़ीहार मिडिल स्कूल में टीचर हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *