Headlines

DM बोलीं- 'घरों, प्रतिष्ठानों और संस्थानों पर फहराएं राष्ट्रीय ध्वज':जहानाबाद में 'हर घर तिरंगा' अभियान शुरू, वाणावर पहाड़ियों से शुभारंभ




जहानाबाद में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत बुधवार को ऐतिहासिक वाणावर पहाड़ियों से की गई। जिला पदाधिकारी छिरिंड वाई भूटिया ने इसका शुभारंभ करते हुए जिलेवासियों से सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। यह अभियान आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है। डीएम ने बताया कि इस वर्ष देश ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ मना रहा है, और इसी अवसर पर राष्ट्रभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जा रहा है। 9 से 17 अगस्त तक पूरे जिले में अभियान जिला पदाधिकारी ने जानकारी दी कि यह अभियान 9 अगस्त से 17 अगस्त तक पूरे जिले में संचालित होगा। इसमें प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वयंसेवी संगठनों, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। इन सभी की भागीदारी से घर-घर जाकर लोगों को अपने घरों, प्रतिष्ठानों और संस्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया जाएगा। तिरंगा एकता, अखंडता और बलिदान का प्रतीक डीएम भूटिया ने राष्ट्रीय ध्वज के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि यह केवल कपड़े का एक टुकड़ा नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, स्वतंत्रता और बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से तिरंगे का सम्मान करते हुए अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। अभियान की शुरुआत ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व वाली वाणावर पहाड़ियों से करने के संबंध में डीएम ने बताया कि यह स्थल जिले की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान को दर्शाता है। यहां से अभियान की शुरुआत कर पूरे जिले में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश प्रसारित किया जा रहा है। तिरंगा फहराने के लिए दूसरों को प्रेरित करें उन्होंने जिलेवासियों से अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आग्रह किया। डीएम ने विश्वास व्यक्त किया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से यह अभियान जनआंदोलन का रूप लेगा और पूरे जिले में देशभक्ति का माहौल बनेगा। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों ने राष्ट्रध्वज के सम्मान तथा राष्ट्रहित में अपनी सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया। सभी ने पूरे उत्साह के साथ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाने का संदेश दिया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *