![]()
अररिया में जन शिकायतों के सरल, सुलभ और प्रभावी निवारण के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी विनोद दूहन के दिशा-निर्देश में जिले की चिन्हित पंचायतों तथा सभी नगर परिषद व नगर पंचायतों के चिन्हित वार्डों में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में आम नागरिक पहुंचे और अपनी समस्याओं व शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए, जिन पर मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की गई। जिलाधिकारी ने नगर परिषद अररिया क्षेत्र अंतर्गत मिडिल स्कूल, जयप्रकाश नगर (वार्ड संख्या-07) तथा हाई स्कूल अररिया (वार्ड संख्या-23) में आयोजित सहयोग शिविर का निरीक्षण किया। देखें, मौके से आई तस्वीरें… समस्याओं के समाधान को पदाधिकारी प्रतिनियुक्ति इस दौरान उन्होंने शिविर में उपस्थित लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और संबंधित पदाधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का नियमानुसार व समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सहयोग शिविर के सफल संचालन और आमजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिले के विभिन्न क्षेत्रों में वरीय पदाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी। प्रतिनियुक्त अधिकारियों ने शिविर में उपस्थित रहकर शिकायतों की सुनवाई की और संबंधित विभागों के माध्यम से मामलों के त्वरित निष्पादन की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की। आवेदनों एवं शिकायतों का पोर्टल पर पंजीकरण कराएं ज्ञातव्य है कि आम नागरिकों को स्थानीय स्तर पर ही समस्याओं के समाधान की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सहयोग शिविर प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय बुधवार को नियमित रूप से आयोजित किया जाता है। यदि उक्त दिन सार्वजनिक अवकाश होता है तो अगले कार्य दिवस पर शिविर का आयोजन किया जाता है। शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों एवं शिकायतों का सहयोग पोर्टल पर पंजीकरण किया गया, जिससे निष्पादन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हुई। मामलों की प्रगति की निगरानी और त्वरित कार्रवाई भी संभव हो सकी। इसके अलावा उपस्थित नागरिकों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया और आवश्यक प्रावधानों से अवगत कराया, ताकि अधिक से अधिक पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंच सके। वार्ड संख्या 7 के वार्ड पार्षद ने भी मौके पर उपस्थित लोगों से सहयोग शिविर में आकर अपनी समस्याएं रखने और योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। जिला प्रशासन का प्रयास है कि सहयोग शिविर के माध्यम से आम लोगों की शिकायतों का स्थानीय स्तर पर ही प्रभावी समाधान हो और शासन की योजनाओं का लाभ अधिकतम पात्र लाभुकों तक पहुंचे।
Source link
अररिया सहयोग शिविर में पहुंचे DM, फरियादियों से की बात:अधिकारियों को शिकायतें निपटाने के निर्देश, कहा-'कोई परेशान न हो'
