Headlines

दरभंगा में अवैध हथियारों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई:तीन देसी पिस्टल-कट्टा बरामद, एक गिरफ्तार




दरभंगा जिले में अवैध हथियार रखने और उसका भय दिखाकर लोगों को धमकाने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। बिशनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना पर छापेमारी कर एक युवक को देशी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। वहीं, सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र में दो दिनों के भीतर हुई दो अलग-अलग घटनाओं में पुलिस ने दो देशी कट्टे और दो मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। हालांकि, दोनों घटनाओं में आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। छठ की रात मारपीट के दौरान निकाला कट्टा सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र की मनिकौली पंचायत के सेरहा टोला वार्ड-1 में छठ पूजा की रात दो पक्षों के बीच मारपीट हो रही थी। इसी दौरान एक युवक ने कट्टा निकाल लिया। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई। भीड़ जुटने पर युवक कट्टा और मोटरसाइकिल छोड़कर भागने लगा। ग्रामीणों ने उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले वह फरार हो गया। पुलिस ने मौके से कट्टा और बाइक जब्त कर ली। बताया जाता है कि आरोपी स्थानीय गांव का ही रहने वाला है। खरना की रात कट्टा सटाकर दी जान से मारने की धमकी दूसरी घटना निस्ता पंचायत के नासिरगंज में खरना की रात हुई। कमतौल-भरवाड़ा मुख्य सड़क पर नासिरगंज चौक के पास मामूली विवाद के बाद कुछ लोगों ने एक व्यक्ति को कट्टा दिखाकर धमकाया और मारपीट की कोशिश की। पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए उसके सिर पर कट्टा सटा दिया। इसके बाद उसने अपने भाई को आवाज लगाई। शोर सुनकर आसपास के लोग जुटने लगे तो आरोपी कट्टा और मोटरसाइकिल छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने बाइक और कट्टा जब्त कर लिया। जब्त बाइक का नंबर BR07AW6603 है। पांच नामजद, दो-तीन अज्ञात पर भी केस सिंहवाड़ा थानाध्यक्ष बसंत कुमार ने अपने बयान पर मामले में प्राथमिकी दर्ज की है। इसमें निस्ता निवासी सोनू यादव, अजित यादव, नितीश यादव, संतोष दास और दो-तीन अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस बाइक और कट्टे के मालिकाना हक की जांच कर रही है। साथ ही आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने नशेड़ियों के जमावड़े की शिकायत की घटना को लेकर स्थानीय लोगों ने भी कई बातें बताई हैं। प्रत्यक्षदर्शी मुकेश कुमार के अनुसार, दो लोग वहां आए थे। उनमें से एक ने हथियार से मारने की धमकी दी। फोन करने के बाद कोई कट्टा लेकर वहां पहुंचा। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित लोग नशे में थे। उपेंद्र सदा ने बताया कि दुकान खुलने के बाद से वहां शराब और गांजा पीने वालों का आना-जाना लगा रहता है। वहीं, अनिल के मुताबिक, एक युवक पिछले तीन-चार दिनों से वहां आ रहा था। घटना के दिन उसने कट्टा निकालकर मौजूद लोगों पर तान दिया। उन्होंने बताया कि वहां चार लोग थे और सभी नशे में थे। निस्ता निवासी मोहम्मद तम्मने ने इलाके में लगातार अवैध हथियार मिलने पर चिंता जताई। उन्होंने हथियारों की आपूर्ति पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि ग्रामीणों के पहुंचने पर आरोपी कट्टा और बाइक छोड़कर भाग गए। कुछ दिन पहले भी इसी इलाके के पास अवैध हथियार के साथ एक आरोपी गिरफ्तार हुआ था। पुलिस कर रही सभी पहलुओं की जांच सिंहवाड़ा थानाध्यक्ष बसंत कुमार ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। सदर-टू-कमतौल एसडीपीओ शुभेन्द्र कुमार सुमन ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *