![]()
नवादा के हिसुआ में नाबालिग के साथ कथित दुष्कर्म की घटना ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। महादलित परिवार की बच्ची के साथ हुई इस घटना के बाद भाजपा विधायक अनिल सिंह पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिजनों का हाल जाना और बच्ची को न्याय दिलाने का भरोसा दिया। विधायक ने गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की। पीड़ित परिवार से मिले विधायक अनिल सिंह विधायक अनिल सिंह ने कहा कि घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। पीड़िता की हालत करीब तीन दिनों तक गंभीर बनी रही। उन्होंने कहा कि बच्ची की मां समय पर नहीं पहुंचतीं तो स्थिति और भयावह हो सकती थी। मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। जातीय राजनीति करने वालों पर उठाए सवाल परिवार से मुलाकात के बाद विधायक ने जातीय राजनीति करने वाले नेताओं और बहुजन समाज की बात करने वाले संगठनों पर निशाना साधा। उन्होंने सवाल किया कि जब बहुजन समाज की बेटी के साथ इतनी गंभीर घटना हुई, तब न्याय की आवाज उठाने वाले लोग कहां थे? पीड़ित परिवार के समर्थन में कौन आगे आया? भीम आर्मी की चुप्पी पर किया सवाल अनिल सिंह ने भीम आर्मी को भी निशाने पर लिया। उन्होंने सवाल किया कि इस मामले में संगठन के लोग खुलकर सामने क्यों नहीं आ रहे हैं? विधायक ने कहा कि जिन लोगों पर घटना में संलिप्त होने के आरोप लगे हैं, वे भी बहुजन समाज से जुड़े बताए जा रहे हैं। ऐसे में न्याय की लड़ाई जाति देखकर नहीं, बल्कि पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए होनी चाहिए। हिसुआ की पुरानी घटनाओं का किया जिक्र विधायक ने हिसुआ की पूर्व की घटनाओं का हवाला देते हुए कहा कि जातीय राजनीति के जरिए इलाके का माहौल खराब करने की कोशिश नहीं होनी चाहिए। उन्होंने मामले की आगे भी निष्पक्ष जांच की जरूरत बताई। जांच में अन्य लोगों के नाम आने की आशंका अनिल सिंह ने कहा कि शुरुआती जानकारी में एक व्यक्ति का नाम सामने आया था। आगे की जांच में अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आ सकती है। विधायक के इस बयान के बाद हिसुआ में घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी और तेज हो गई है।
Source link
नवादा में पीड़ित परिवार से मिले BJP विधायक:भीम आर्मी से पूछा-'अब कहां हैं बहुजन समाज के ठेकेदार'
