Headlines

गोपालगंज में छठ व्रतियों ने डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया:घाटों पर व्रतियों ने की पूजा, सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ पूरा होगा महापर्व




गोपालगंज में लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। रविवार को महापर्व के तीसरे दिन संध्या अर्घ्य के लिए विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। व्रतियों ने कमर भर पानी में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया और परिवार की सुख-समृद्धि, शांति व खुशहाली की कामना की। छठ पर्व को लेकर जिला प्रशासन और स्थानीय पूजा समितियों की ओर से घाटों पर विशेष तैयारियां की गई थीं। शहर के प्रमुख घाटों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों की नदियों, तालाबों और नहरों के किनारों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। रंग-बिरंगी रोशनी, झालरों, तोरण द्वारों और केले के थंभों से सजे घाटों की छटा देखते ही बन रही थी। साफ-सफाई और सुरक्षा के भी इंतजाम किए गए थे। देखें, मौके से आई तस्वीरें… दउरा-सूप लेकर घाट पहुंचे श्रद्धालु दोपहर बाद से ही श्रद्धालुओं के घाट पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। लोग सिर पर दउरा और सूप लेकर नंगे पांव घाटों की ओर जाते दिखे। पूजा सामग्री में ठेकुआ, नारियल, गन्ना, मौसमी फल और अन्य प्रसाद शामिल थे। बच्चों और युवाओं में भी पर्व को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। पारंपरिक छठ गीतों से गूंजे घाट पूरे रास्ते और घाटों पर छठ व्रती महिलाएं पारंपरिक लोकगीत गाती नजर आईं। ‘कांच ही बांस के बहंगिया’ और ‘केलवा के पात पर उगेलन सुरुज देव’ जैसे गीतों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। ढोल-नगाड़ों की थाप ने पर्व की रौनक और बढ़ा दी। कोसी भरने की परंपरा भी निभाई संध्या अर्घ्य संपन्न होने के बाद कई व्रती और उनके परिजन घाटों पर ही कोसी भरने की परंपरा निभाते दिखे। अब सभी को सोमवार सुबह होने वाले उदीयमान सूर्य के अर्घ्य का इंतजार है। उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रती पारण करेंगे और इसी के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का विधिवत समापन हो जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *