Headlines

देव छठ मेला: सुरक्षा-सुविधाओं का जायजा लेने पहुंचीं DM-SP:टेंट सिटी भी देखा, सूर्यकुंड-रुद्रकुंड के घाटों पर भीड़ प्रबंधन की समीक्षा




औरंगाबाद के देव में ऐतिहासिक कार्तिक छठ मेले में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर सतर्क है। शनिवार को डीएम अभिलाषा शर्मा और एसपी उपेंद्र नाथ वर्मा ने संयुक्त रूप से मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने सूर्यकुंड और रुद्रकुंड घाटों से लेकर श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए बनाए गए आवासन स्थलों और टेंट सिटी तक की व्यवस्थाएं देखीं। अधिकारियों ने घाटों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की। मौके पर मौजूद पदाधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली और जरूरी निर्देश दिए। प्रशासन का जोर इस बात पर है कि दूर-दराज से आने वाले व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना और ठहरने में किसी तरह की परेशानी नहीं हो। सूर्यकुंड और रुद्रकुंड घाटों पर सुरक्षा की समीक्षा निरीक्षण की शुरुआत सूर्यकुंड और रुद्रकुंड से हुई। डीएम और एसपी ने घाटों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए किए गए इंतजामों का जायजा लिया। छठ के मौके पर देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु देव पहुंच रहे हैं। ऐसे में घाटों पर सुरक्षा बनाए रखने और भीड़ के दबाव वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। टेंट सिटी में पेयजल, शौचालय और रोशनी की व्यवस्था देखी घाटों के बाद अधिकारियों ने श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए बनाए गए आवासन स्थलों और जिला प्रशासन की टेंट सिटी का निरीक्षण किया। यहां पेयजल, शौचालय, स्नानघर, साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था की स्थिति देखी। संबंधित कर्मियों से सुविधाओं के संचालन की जानकारी भी ली। अधिकारियों ने निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं को ठहरने से लेकर पूजा-अर्चना तक किसी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए। मेला क्षेत्र में पर्याप्त रोशनी और नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। दंडाधिकारी और पुलिस बल को अलर्ट रहने का निर्देश निरीक्षण के दौरान मेला क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर तैनात दंडाधिकारियों और पुलिस बल की व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। डीएम और एसपी ने सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने को कहा। उन्होंने सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन पर लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इस दौरान अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह, उप विकास आयुक्त कुमारी अनुपम सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी गौरव सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। देव कार्तिक छठ मेले में लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं। प्रशासन का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल, बेहतर सुविधाएं और सुगम आवागमन उपलब्ध कराना है, ताकि मेला शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *