Headlines

भोजपुर- वर्चस्व की लड़ाई में कॉन्सटेबल के बेटे की हत्या:मृतक की मां बोली- बेटा के रहन-सहन से जलते थे आरोपी दोस्त, उनका एनकाउंटर होना चाहिए




‘मेरा बेटा ऋतिक, आरोपी अमृतांशु, प्रिंस बाबा बचपन से दोस्त थे। तीनों के बीच अच्छी दोस्ती थी। मैंने अपने बेटे को सोने की चेन खरीदकर दी थी, जबकि उसके पिता ने उसे बुलेट बाइक दिलाई थी। ऋतिक ब्रांडेड कपड़े पहनता था और उसका रहन-सहन अच्छा था। इसी बात को लेकर अमृतांशु और प्रिंस उससे जलने लगे थे। धीरे-धीरे ये जलन दुश्मनी में बदल गई। अमृतांशु और प्रिंस बाबा ने मेरे बेटे को मैसेज भी किया था कि तुम सोने की चेन और गाड़ी होने का दिखावा करते हो, ये ठीक नहीं है। दोनों ने अपने अन्य दोस्तों के साथ वर्चस्व की जंग और जलन में ही मेरे बेटे की हत्या की है।’ भोजपुर के रहने वाले ऋतिक सिंह राजपूत की मां सरिता देवी ने दैनिक भास्कर से बातचीत में ये बातें कही। दरअसल, गजराजगंज ओपी अंतर्गत बामपाली बांध के पास गुरुवार शाम बाइक सवार हथियारबंद 5 बदमाशों ने दौड़ाकर सरिता देवी के बेटे ऋतिक की पांच गोली मारकर हत्या कर दी थी। भोजपुर पुलिस ने सरिता देवी के बयान पर FIR दर्ज कर ली है। सात नामजद और छह अज्ञात समेत 13 लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी है। एसपी अवधेश दीक्षित के आदेश पर सदर एसडीपीओ-वन सुशील कुमार के नेतृत्व में एसआइटी का गठन किया गया है। FIR में ऋतिक के दोस्तों समेत इन आरोपियों का नाम शामिल FIR में नवादा थाना क्षेत्र के केजी रोड निवासी मुन्ना सिंह और नीतीन सिंह, उदवंतनगर थाना क्षेत्र के बेलाउर गांव निवासी अमन चौधरी, गजराजगंज ओपी क्षेत्र के महुली गांव निवासी प्रिंस बाबा, आदित्य बाबा और शिवम जबकि उदवंतनगर थाना क्षेत्र के एड़ौरा निवासी अमृतांशु उर्फ कोहिनूर को नामजद किया गया है। नामजद आरोपितों में मुन्ना सिंह और नीतीन सिंह सगे भाई हैं। आरोपियों में शामिल तीन लोगों का पूर्व से आपराधिक इतिहास भी रहा है। प्रिंस और अमृतांशु पर पहले भी ऋतिक के घर फायरिंग और उसे जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। मां बोली- पहले से घात लगाए आरोपियों ने 15 राउंड फायरिंग की FIR में मृतक की मां ने बताया है कि मेरा बड़ा बेटा नैतिक सिंह, छोटे भाई ऋतिक के साथ अपने गांव मुफस्सिल थाना क्षेत्र के खजुरिया से गुरुवार की शाम तीन दोस्तों रौशन, मुकुल और युवराज के साथ अलग-अलग बाइक से आरा लौट रहा था। इसी दौरान बामपाली के समीप पहले से घात लगाए हथियारबंद आरोपियों ने ताबड़तोड़ 15 राउंड फायरिंग की। 5 गोली लगने से मेरे बेटे ऋतिक सिंह की मौत हो गई, जबकि युवराज सिंह दो गोली लगी, जिससे वो गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्होंने बताया कि बड़े पुत्र नैतिक सिंह समेत अन्य दोस्तों ने भागकर अपनी जान बचाई। सरिता देवी बोली- ऋतिक की दोस्ती का दायरा बड़ा था सरिता देवी ने बताया कि ऋतिक की दोस्ती का दायरा बड़ा था। उसके साथ 50 से अधिक लड़के रहते थे और सभी उसे काफी मानते थे। दूसरी तरफ प्रिंस और अमृतांशु का अपना अलग ग्रुप था। उनके साथ उतने लड़के नहीं रहते थे। उन्होंने कहा कि प्रिंस और अमृतांशु चाहते थे कि ऋतिक हमारे कहने के अनुसार कोई काम करे और उसके साथ रहने वाले सभी दोस्त उनकी गैंग में शामिल हो जाएं। लेकिन ऋतिक को ये मंजूर नहीं था। उन्होंने बताया कि ऋतिक ने अपने दोस्तों को दूसरे ग्रुप में शामिल करने का विरोध किया। इसी बात को लेकर प्रिंस और अमृतांशु उससे नाराज रहने लगे। धीरे-धीरे दोनों के बीच दुश्मनी इतनी बढ़ गई कि ऋतिक उनकी आंखों में खटकने लगा। ‘मेरे बेटे को तड़पाकर मारा गया, आरोपियों का एनकाउंटर होना चाहिए’ सरिता ने कहा कि जिस तरह मेरे बेटे को तड़पाकर गोली मारी गई है, उसी तरह पुलिस सभी आरोपियों को पकड़कर सख्त से सख्त कार्रवाई करे, सभी आरोपियों का एनकाउंटर करे, ताकि मुझे और मेरे परिवार को न्याय मिल सके। सरिता देवी ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बयान का जिक्र करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कहते हैं कि बिहार में किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा, लेकिन उनके बेटे की हत्या के 24 घंटे बीत जाने के बाद भी अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। न ही पुलिस की ओर से कोई ऐसी कार्रवाई हुई है, जिससे परिवार को न्याय की उम्मीद दिखाई दे। सरिता ने कहा कि एक मां ने अपना जवान बेटा खोया है, लेकिन इस दुख की घड़ी में अब तक कोई नेता, विधायक या सांसद उनके परिवार से मिलने तक नहीं पहुंचा है। ‘बड़ा मैं हूं, लेकिन छोटा ऋतिक घर की सारी जिम्मेदारियां उठाता था’ मृतक ऋतिक के बड़े भाई नैतिक ने कहा कि घर का बड़ा बेटा मैं हूं, लेकिन घर की सारी बड़ी छोटी जिम्मेदारियां मेरा छोटा भाई ऋतिक उठाता था। वो बहन की शादी धूमधाम से करना चाहता था। इसके लिए अच्छे लड़के की तलाश भी कर रहा था। परिवार ने उसके साथ बहन की शादी को लेकर कई सपने देखे थे, लेकिन अपराधियों ने सब कुछ उजाड़ दिया। नैतिक ने कहा कि आज मुझे अपने ही छोटे भाई का दाह-संस्कार अपने हाथों से करना पड़ा। एक भाई के लिए इससे बड़ा दुख और क्या हो सकता है कि जिस छोटे भाई को हमेशा साथ लेकर चलना था, उसी को अपने हाथों से अंतिम विदाई देनी पड़ी। नैतिक ने घटना के बारे में बताया कि गुरुवार को मैं अपने भाई और उसके दोस्तों के साथ आरा आ रहा था। इसी बीच प्रिंस बाबा, अमन चौधरी,अमृतांशु,आदित्य, नितिन और मुन्ना सिंह समेत पांच-छह लोगों ने उन्हें आगे से घेर लिया और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। नैतिक ने बताया कि सबसे पहले अमृतांशु ने मेरे भाई ऋतिक को गोली मारी। इसके बाद हमलावरों ने उसके सिर में बारी-बारी से कई गोलियां दागीं। इस दौरान युवराज ने जान बचाकर भागने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने उसे भी दौड़ाकर पीछे से गोली मार दी। नैतिक ने कहा कि आरोपियों ने मुझे भी निशाना बनाने की कोशिश की, लेकिन मैंने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई और घटना की जानकारी मां को दी। नैतिक ने कहा- भाई को आरोपी देखना नहीं चाहते थे, वे उसके रहन-सहन से जलते थे नैतिक ने हत्या के पीछे पुरानी रंजिश और ईर्ष्या को वजह बताते हुए कहा कि आरोपित उनके भाई से जलते थे। ऋतिक ने पहले भी घर में बताया था कि कुछ लोग उसे फोन कर गाली-गलौज कर रहे हैं और धमकियां दे रहे हैं। हालांकि, परिवार ने उस समय उसे समझाया था कि कोई कुछ भी कह सकता है, इसलिए इन बातों को नजरअंदाज करो। परिवार को अंदाजा भी नहीं था कि मामूली समझी जा रही यह बात इतनी बड़ी वारदात में बदल जाएगी। उन्होंने कहा कि जिस तरह से आरोपितों ने रास्ते में घेरकर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं, उससे साफ जाहिर होता है कि हत्या की पूरी साजिश पहले से तैयार की गई थी। परिवार की मांग है कि इस हत्याकांड में शामिल सभी आरोपितों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और साजिश में शामिल हर व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो, ताकि ऋतिक को न्याय मिल सके।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *