![]()
सीवान। कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार शाम नगर भवन में आयोजित भास्कर महोत्सव आम लोगों की भागीदारी के अभाव में महज औपचारिकता बनकर रह गया। जिले की लोकसंस्कृति, पारंपरिक कला और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में छठ पर आधारित लोकगीत और लोकनृत्य की प्रस्तुतियां हुईं। हालांकि, दर्शकों की मौजूदगी बेहद कम रही। नगर भवन की अधिकांश कुर्सियां खाली रहीं और कार्यक्रम कलाकारों, उनके परिजनों तथा सरकारी कर्मियों तक सीमित हो गया। प्रचार-प्रसार नहीं होने से खाली रहा नगर भवन कार्यक्रम का उद्घाटन शाम 5 बजे डीएम विजय प्रकाश मीणा, एसपी भारत सोनी समेत जिले के वरीय अधिकारियों की मौजूदगी में होना निर्धारित था। इसके लिए डीएम, एसपी, डीडीसी और एडीएम सहित अन्य अधिकारियों के नाम की नेमप्लेट लगाकर कुर्सियां तैयार की गई थीं। हालांकि, कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार नहीं होने के कारण आम लोगों को इसकी जानकारी नहीं मिल सकी। निर्धारित समय पर नगर भवन में दर्शकों की संख्या बेहद कम थी। करीब एक घंटे इंतजार के बाद बंदोबस्त पदाधिकारी सुजीत कुमार और वरीय उपसमाहर्ता जूली कुमारी एवं शालू कुमारी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। छठ गीतों और नृत्य से कलाकारों ने दिखाई लोकसंस्कृति की झलक कार्यक्रम में कलाकारों ने छठ महापर्व की लोकपरंपरा, गीत-संगीत और नृत्य के माध्यम से सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बाद में डीएम विजय प्रकाश मीणा, डीडीसी अमिताभ सिंह और एडीएम प्रमोद कुमार समेत अन्य अधिकारी कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। बच्चियों ने भी छठ पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। हालांकि, इस दौरान भी नगर भवन की अधिकांश कुर्सियां खाली रहीं। आधे घंटे में डीएम रवाना, उनके बाद अन्य अधिकारी भी निकले कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के करीब आधे घंटे बाद ही डीएम वहां से रवाना हो गए। उनके जाने के बाद अन्य अधिकारी भी कार्यक्रम छोड़कर निकल गए। इसके बाद अधिकारियों के साथ आए कर्मी और अन्य लोग भी वहां से चले गए। अंत में कार्यक्रम कलाकारों, उनके शिक्षकों और परिजनों के बीच ही सिमटकर रह गया। देर रात तक कार्यक्रम की औपचारिकताएं पूरी की गईं। प्रस्तुति देने वाले कलाकारों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। डीएम ने बयान देने से किया इनकार डीएम के कार्यक्रम स्थल से निकलते समय दैनिक भास्कर संवाददाता ने आयोजन को लेकर उनका पक्ष जानना चाहा, लेकिन उन्होंने बयान देने से इनकार कर दिया और गाड़ी में बैठकर रवाना हो गए। आयोजन के उद्देश्य और जनभागीदारी पर उठे सवाल भास्कर महोत्सव में आम लोगों की अनुपस्थिति ने जिला प्रशासन की तैयारियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में जनभागीदारी सुनिश्चित करने की व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। लोकसंस्कृति के संरक्षण और स्थानीय कलाकारों को मंच देने का उद्देश्य तभी पूरा हो सकता है, जब ऐसे आयोजन आम लोगों तक पहुंचें। व्यापक प्रचार-प्रसार के अभाव में बंद हॉल में आयोजित कार्यक्रम का लाभ सीमित लोगों तक ही रह गया। ऐसे आयोजनों को सफल बनाने के लिए पहले से प्रचार-प्रसार और सार्वजनिक स्थलों पर कार्यक्रम आयोजित करने की जरूरत है, ताकि स्थानीय कलाकारों की प्रतिभा को अधिक से अधिक लोग देख सकें।
Source link
सीवान में सरकारी खर्च पर भास्कर महोत्सव की खानापूर्ति:नगर भवन में छठ गीत-नृत्य की प्रस्तुतियां अधिकारियों, कलाकारों और उनके परिजनों तक सिमटीं
