Headlines

नालंदा- प्राइवेट क्लिनिक में इलाज के दौरान महिला की मौत:पति ने लगाया बिना सहमति एनेस्थीसिया, गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप; पोस्टमार्टम के लिए पड़ा रहा शव




नालंदा के राजगीर स्थित एक निजी क्लिनिक में इलाज के दौरान नवादा जिले की 31 वर्षीय विवाहिता सुखरानी कुमारी की संदिग्ध मौत हो गई है। एक ओर जहां क्लिनिक प्रबंधन खून की कमी और जांच रिपोर्ट में अंतर का हवाला दे रहा है। वहीं मृतका के पति रोशन कुमार ने क्लिनिक संचालक पर बिना सहमति के एनेस्थीसिया एवं गलत इंजेक्शन देने, इलाज में घोर लापरवाही बरतने और मौत के बाद मौके से फरार होने के गंभीर आरोप लगा रहे हैं। वहीं, पोस्टमार्टम के लिए मृतका का शव रात भर खुले आसमान के नीचे पड़ा रहा। बिना सहमति थिएटर रूम में ले जाकर दिया बेहोशी का इंजेक्शन: पति नवादा जिले के नरहट थाना क्षेत्र निवासी मृतका के पति रोशन कुमार ने बताया कि वे बुधवार को सुबह करीब 11-12 बजे अपनी पत्नी को पेट दर्द व गैस की समस्या दिखाने क्लिनिक लाए थे। आरोप है कि क्लिनिक कर्मियों ने बिना उनकी लिखित सहमति या हस्ताक्षर लिए ही पत्नी को ऑपरेशन थिएटर रूम में ले जाकर बेहोशी का इंजेक्शन दे दिया। दोपहर करीब 2 बजे उन्हें बाहर निकाला गया, जिसके बाद उन्हें कभी होश नहीं आया। रोशन ने बताया कि जब पत्नी की हालत बिगड़ने लगी और वे हाथ-पैर पटकने लगीं, तो वहां मौजूद कंपाउंडर और नर्स ने यह कहकर टाल दिया कि डॉक्टर 10 मिनट में आ रहे हैं। बार-बार गुहार लगाने के बाद भी न तो डॉक्टर आए और न ही मरीज की नब्ज या स्थिति के बारे में सही जानकारी दी गई। अनहोनी की आशंका पर जब वे राजगीर थाने से पुलिस को बुलाकर लाए, तब तक डॉक्टर मौके से फरार हो चुके थे और क्लिनिक में मौजूद उनके स्टाफ फोन काटते रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि अगर क्लिनिक से स्थिति नहीं संभल रही थी, तो उन्हें समय रहते रेफर कर देना चाहिए था। पोस्टमार्टम के नाम पर भटकता रहा परिवार, रात भर खुले में पड़ा रहा शव महिला की मौत के बाद परिजनों को पोस्टमार्टम के लिए भी दर-दर भटकना पड़ा। पति रोशन कुमार ने बताया कि पहले वे अपनी पत्नी का शव बिना पोस्टमार्टम के घर ले जाना चाहते थे, लेकिन राजगीर पुलिस ने कानूनी कार्रवाई के लिए पोस्टमार्टम अनिवार्य बताते हुए उन्हें बिहार शरीफ भेजा। सरकारी एंबुलेंस से बिहार शरीफ पहुंचने पर वहां केवल दुर्घटना के मामलों का पोस्टमार्टम होने की बात कहकर उन्हें पटना पीएमसीएच जाने को कह दिया गया। इस असमंजस और व्यवस्था की अनदेखी के बीच मृतका का शव रात भर अस्पताल परिसर में खुले आसमान के नीचे पड़ा रहा और कोई भी कर्मी शव को अंदर रखवाने तक नहीं आया। जांच रिपोर्ट में अंतर और प्रबंधन का पक्ष दूसरी ओर, क्लिनिक पक्ष का दावा है कि महिला ने गर्भपात की दवा खा ली थी, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव हो रहा था। क्लिनिक की शुरुआती जांच में हीमोग्लोबिन 6 ग्राम निकला था, जिस पर डॉक्टरों ने पहले खून चढ़ाने की सलाह दी थी। लेकिन मृतका की बहन ने राजगीर के दूसरे जांच घर से दोबारा जांच कराई, जिसमें हीमोग्लोबिन 8 ग्राम आया। प्रबंधन के मुताबिक, परिजनों के दबाव में 8 ग्राम की रिपोर्ट के आधार पर गर्भाशय की सफाई की गई, जिसके एक-दो घंटे बाद खून की कमी से महिला की मौत हो गई। वहीं, सदर अस्पताल के प्रबंधक मोहम्मद इमरान ने कहा कि पहले शव को पटना और फिर पावापुरी मेडिकल कॉलेज भेजने की तैयारी की गई थी। शव को समय पर पोस्टमार्टम हाउस में क्यों नहीं रखा गया, इसकी आंतरिक जांच कराई जाएगी। राजगीर थाना अध्यक्ष बोले- लिखित आवेदन के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी राजगीर थाना अध्यक्ष अभिजीत कुमार ने बताया कि निजी क्लिनिक में इलाज के क्रम में महिला की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल भेजा गया है। परिजनों की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त होते ही दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस क्लिनिक प्रबंधन और परिजनों के बयानों के आधार पर सभी बिंदुओं की जांच कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *