![]()
छठ पर बिहार लौटने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ने लगी है। पटना जंक्शन पर भीड़ को देखते हुए रेलवे विशेष यात्री शेड बनाएगा। यहां यात्रियों के लिए बैठने और आराम करने की व्यवस्था होगी। सुरक्षा में 100 से ज्यादा जवान तैनात होंगे। दिल्ली, मुंबई, उत्तर प्रदेश, सूरत और गुजरात समेत देश के अलग-अलग हिस्सों से लोग बिहार लौट रहे हैं। इससे ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ बढ़ रही है। रेलवे ने पटना जंक्शन पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्लेटफॉर्म के साथ स्टेशन परिसर में भी शेड बनाए जाएंगे। शेड के फर्श पर कालीन बिछाई जाएगी, ताकि यात्री बैठ और आराम कर सकें। यहां रोशनी के लिए लाइटें, माइकिंग सिस्टम, मोबाइल चार्ज करने के लिए चार्जिंग पॉइंट और LED डिस्प्ले लगाए जाएंगे। अनाउंसमेंट और डिस्प्ले के जरिए यात्रियों को ट्रेनों और दूसरी जरूरी सूचनाओं की जानकारी मिलेगी। उन्हें ट्रेन की जानकारी लेने के लिए बार-बार प्लेटफॉर्म पर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। सुरक्षा के लिए RPF की 4 अतिरिक्त कंपनियां तैनात होंगी। प्राथमिक उपचार के लिए मेडिकल टीम की होगी तैनाती
छठ के दौरान स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ के बीच स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों को देखते हुए मेडिकल सुविधा भी उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए विशेष मेडिकल टीम की नियुक्ति की जाएगी। भीड़ के दौरान किसी यात्री की तबीयत खराब होने या किसी तरह की चोट लगने पर उसे प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा। खासकर बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और लंबी दूरी से सफर कर पहुंचने वाले यात्रियों को इससे मदद मिलेगी।
RPF की 4 अतिरिक्त कंपनियां संभालेंगी सुरक्षा की कमान यात्रियों की सुविधा के साथ सुरक्षा व्यवस्था को भी रेलवे ने प्राथमिकता दी है। भीड़ को नियंत्रित करने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए RPF की चार अतिरिक्त कंपनियों की तैनाती की जाएगी। पटना जंक्शन के सभी 10 प्लेटफॉर्म पर RPF और GRP के जवान रोजाना क्राउड मैनेजमेंट की जिम्मेदारी संभालेंगे। प्लेटफॉर्म की संख्या और यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए 100 से अधिक सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जाएगी। सुरक्षाकर्मियों के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने के लिए वॉकी-टॉकी का इस्तेमाल किया जाएगा। इससे किसी प्लेटफॉर्म पर अचानक भीड़ बढ़ने या किसी तरह की समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल संबंधित टीम को सूचना दी जा सकेगी।
FOB और सीढ़ियों पर भीड़ रोकने के लिए होगी विशेष व्यवस्था
छठ के दौरान यात्रियों की सबसे अधिक भीड़ प्लेटफॉर्म, फुट ओवरब्रिज (FOB) और सीढ़ियों पर देखने को मिलती है। ऐसे में इन जगहों पर भीड़ का दबाव कम करना रेलवे के लिए बड़ी चुनौती होगी। इसके लिए रेलवे स्टाफ को लाउड हेलर के साथ तैनात किया जाएगा। कर्मचारी लगातार यात्रियों से फुट ओवरब्रिज और सीढ़ियों पर अनावश्यक रूप से नहीं रुकने तथा व्यवस्थित तरीके से आने-जाने की अपील करेंगे। भीड़ अधिक होने की स्थिति में यात्रियों को कतारबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। इससे प्लेटफॉर्म पर अफरातफरी की स्थिति बनने से रोकी जा सकेगी और यात्रियों की आवाजाही सुचारु बनी रहेगी।
हर साल लाखों प्रवासी छठ पर पहुंचते हैं बिहार रेलवे अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि छठ के अवसर पर लाखों यात्री दूसरे राज्यों से बिहार पहुंचते हैं। यात्रियों की भारी संख्या को देखते हुए रेलवे की ओर से हर साल विशेष इंतजाम किए जाते हैं। इस बार भी यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्टेशन परिसर में यात्री शेड, बैठने और आराम करने की व्यवस्था के साथ अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा बेहद महत्वपूर्ण है। इसके लिए RPF की चार अतिरिक्त कंपनियों की नियुक्ति की गई है। पटना जंक्शन के सभी प्लेटफॉर्म पर RPF और GRP के जवान तैनात रहेंगे। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वॉकी-टॉकी, लाउड हेलर और अन्य व्यवस्थाओं का इस्तेमाल किया जाएगा।
Source link
