![]()
जमुई के स्थानीय सोनपे मैदान में आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय विद्यालय बालिका वॉलीबॉल प्रतियोगिता का शनिवार को रोमांचक फाइनल मुकाबलों के साथ समापन हो गया। 23 से 25 अक्टूबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में अंडर-14 वर्ग में तिरहुत प्रमंडल की टीम विजेता बनी, जबकि अंडर-17 और अंडर-19 दोनों आयु वर्गों में मुंगेर प्रमंडल ने खिताब अपने नाम किया। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, खेल विभाग, बिहार और जिला प्रशासन जमुई के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न प्रमंडलों की चयनित बालिका टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के अंतिम दिन सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। खिलाड़ियों ने दमदार सर्विस, शानदार ब्लॉक और बेहतर टीम समन्वय से दर्शकों का उत्साह बढ़ाया। मैदान में मौजूद दर्शकों ने भी तालियां बजाकर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। जीत दर्ज कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया अंडर-14 वर्ग के सेमीफाइनल में तिरहुत ने दरभंगा को हराकर फाइनल में जगह बनाई, जबकि कोशी ने सारण को पराजित किया। फाइनल में तिरहुत की टीम ने कोशी को हराकर खिताब जीत लिया। अंडर-17 वर्ग के सेमीफाइनल में पटना ने भागलपुर को और मुंगेर ने सारण को हराया। फाइनल मुकाबले में मुंगेर ने पटना को पराजित कर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। वहीं, अंडर-19 वर्ग के सेमीफाइनल में दरभंगा ने भागलपुर को तथा मुंगेर ने सारण को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल में मुंगेर ने दरभंगा को शिकस्त देकर खिताब अपने नाम किया। इस तरह मुंगेर की टीमों ने दो आयु वर्गों में जीत दर्ज कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। खेल में निरंतर सुधार लाने के लिए किया प्रेरित समापन समारोह में जिला खेल पदाधिकारी परिमल एवं उपस्थित मुख्य अतिथि ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। जिला खेल पदाधिकारी ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने विजेता टीमों को आगामी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर तैयारी करने और खेल में निरंतर सुधार लाने के लिए प्रेरित किया। तीन दिनों तक चले इस आयोजन ने राज्य की उभरती बालिका वॉलीबॉल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर दिया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अनुशासन, आत्मविश्वास, खेल भावना और टीम वर्क का परिचय दिया।
Source link
जमुई में बालिका वॉलीबॉल प्रतियोगिता खत्म, तिरहुत-मुंगेर बने चैंपियन:अंडर-14 में तिरहुत, अंडर-17 और 19 में मुंगेर ने जीते खिताब
