Headlines

Bihar News: Anant Singh Targets Nitish Kumar


.

आज की सबसे बड़ी खबर पटना से है। जदयू ने मोकामा विधायक अनंत सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी को पार्टी से बाहर कर दिया है।पार्टी के इस फैसले के के बाद पटना में सियासत तेज है। पटना में पुलिस और अपराधी की बीच मुठभेड़ हुई है। गोपालगंज बीजेपी एमएलसी राजीव कुमार के होटल में चाकू घोंपकर एक वेटर की हत्या कर दी गई है। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, बिहार दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. अनंत बोले- नीतीश खत्म हो गए, JDU भी नहीं बचेगी

जदयू ने मोकामा विधायक अनंत सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी को पार्टी से बाहर कर दिया है।पार्टी के इस फैसले के के बाद पटना में सियासत तेज है। पार्टी से निकाले जाने पर अनंत सिंह ने पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोला है। अनंत सिंह ने कहा मैंने कुछ गलत नहीं किया था। अनंत सिंह ने इशारों में नीतीश कुमार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि जिस ने पार्टी बनाई थी वो पार्टी नहीं चला पा रहे हैं। नीतीश जी बीमार रहते हैं, जिसने पार्टी से निकालने का फैसला किया है वो चुनाव में भुगतेगा। पूरी खबर पढ़ें

2. बम-पटाखों को जलाया,4 KM तक सुनी गई धमाके की आवाज

सीवान में शुक्रवार की शाम 6 बजे पटाखा बनाने के दौरान ब्लास्ट होने के बाद एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद सीवान पुलिस एक्टिव हुई। उसके बाद अलमापुर गांव में पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट के बाद बरामद बम और पटाखों को तकिया गांव के पास नष्ट किया। इस दौरान जोरदार धमाका हुआ। धमाके की आवाज 4 KM दूर तक सुनाई दी। धमाका इतना जोरदार था कि लगभग 150 घरों को नुकसान पहुंचा। कई घरों के खिड़कियों के शीशे टूट गए, जबकि कई घरों की दीवारों में दरारें आ गई। मदरसे की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई जबकि मजार की दीवार टूटकर गिर गई। पूरी खबर पढ़ें

3. पटना में मर्डर के आरोपी का एनकाउंटर

पटना में पुलिस और अपराधी की बीच मुठभेड़ हुई है। मर्डर के आरोपी को पुलिस ने दौड़ाकर गोली मारी है। गोली अपराधी के पैर में लगी है। अपराधी की पहचान सौरभ सिंह(28) के रूप में हुई है। सौरभ कंकड़बाग के पत्रकार नगर का रहने वाला है। एनकाउंटर बख्तियारपुर थाना क्षेत्र में कल्याण बीघा रोड हुआ है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से पटना रेफर कर दिया गया है। बदमाशों के पास से 5 पिस्टल और 50 से ज्यादा कारतूस मिले हैं। पूरी खबर पढ़ें

4. BJP एमएलसी के होटल में चाकू घोंपकर वेटर की हत्या

गोपालगंज बीजेपी एमएलसी राजीव कुमार के होटल में चाकू घोंपकर एक वेटर की हत्या कर दी गई है। घटना नगर थाना क्षेत्र के बंजारी स्थित होटल राजीव रिजेंसी की है। मृतक की पहचान मीरगंज थाना के टड़वा गांव के रहने वाले अनीश सिंह(21) के रूप में हुई है। अनीश पिछले चार महीने से वेटर कैप्टन के रूप में काम करता था। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव को होटल के सामने रखकर जमकर प्रदर्शन किया। पूरी खबर पढ़ें

5. ‘ऐसी शादी करके जीने से अच्छा है मर जाना’

‘शादी के बाद बेटा काफी परेशान रहता था। मैंने उसे सलाह दी थी कि शादी मत करो, लेकिन योगेश ने अपनी पसंद की लड़की गुड़िया कुमारी से लव मैरिज कर ली। लड़की बेटे से ठीक से बात नहीं किया करती थी। मेरा बेटा तो सीधा-साधा था।’ ये बातें भागलपुर में मृतक दारोगा योगेश कुमार शाह (32) की मां उर्वशी देवी ने कही है। उर्वशी देवी ने जो बयान दिया है, वैसा ही बयान नवगछिया के एसपी वैभव शर्मा ने भी दिया है। एसपी भी यही कहते हैं कि शादी के बाद पारिवारिक विवाद के कारण योगेश परेशान रहता था। हालांकि किस बात लेकर वो तनाव में रहता था, ये अभी क्लियर नहीं है। पूरी खबर पढ़ें

6. कोर्ट मैरिज के 9 महीने बाद पत्नी को जलाया

सुपौल में 9 महीने पहले कोर्ट मैरिज करने वाली युवती की जलने से इलाज के दौरान मौत हो गई। पति ने डाइवोर्स पेपर पर साइन कराने के लिए युवती को मायके से बुलाया। इसके बाद लालमनपट्टी नहर के पास सुनसान जगह पर उसे आग लगाकर जान से मारने का प्रयास किया। गंभीर हालत में युवती को एंबुलेंस से सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के गरुअल निवासी राजकुमार मंडल की बेटी दमनी देवी के रूप में हुई है। पूरी खबर पढ़ें

7. भोजपुर के जवान का हार्ट अटैक से जम्मू में निधन

भोजपुर जिले के पीरो प्रखंड के केवटियां गांव निवासी सेना के हवलदार अखिलेश कुमार (44) का जम्मू में हार्ट अटैक से निधन हो गया। 25 अक्टूबर को उनका शव उनके पैतृक गांव पहुंचा। जहां उन्हें सैनिक सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। वे जम्मू में 53 आर्मर्ड रेजिमेंट में तैनात थे। हवलदार अखिलेश कुमार का अंतिम संस्कार गांव के पश्चिम स्थित एक निजी बगीचे में किया गया। मृतक जवान को उनकी दोनों बेटियों ईशा बेला और माही ने मुखाग्नि दी है। पूरी खबर पढ़ें

8. संविधान विरोधी लोग RSS-BJP घुसे हैं: मल्लिकार्जुन खड़गे

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे ने कहा कि नीतीश कुमार सोशलिस्ट विचारधारा को लेकर आगे बढ़ें, लेकिन अब BJP-RSS की गोद में जाकर बैठ गए हैं। जब आदमी के पास कमजोरी आती है, तब आईडियोलॉजी के ऊपर से विश्वास उठ जाता है। हमें तो सभी ने मारा, फिर भी हम और मेरे लीडर राहुल गांधी जिंदा है और लड़ रहे हैं। लोगों के लिए मर रहे हैं। जब तक इस देश में RSS की आईडियोलॉजी खत्म नहीं होगी, तब तक इस देश में शांति नहीं आएगी। शांति को भंग करने वाले यही लोग है। आज भी छुआछूत करने वाले लोग RSS में भरे पड़े हैं। पूरी खबर पढ़ें

9. प्रशांत किशोर के सामने JDU कार्यकर्ता का सिर फोड़ा

राघोपुर में नाव हादसे में जान गंवाने वाले 13 बच्चों के दशकर्म के दिन पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर के सामने ही दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। पंचायत के पूर्व मुखिया सह भाजपा नेता गगन राय के समर्थकों और स्थानीय जदयू नेता व प्रदेश सचिव अजीत यादव के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर हमला करने लगे। इस दौरान जदयू नेता अजीत यादव घायल हो गए। जिन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से ANM पटना रेफर कर दिया गया है। पूरी खबर पढ़ें

10. बिहार के सभी जिलों में मौसम सामान्य रहेगा

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, बिहार के सभी जिलों में मौसम सामान्य रहेगा। दिन भर धूप निकलेगी। पटना, गया, नालंदा नवादा शेखपुरा जहानाबाद में 27 अक्टूबर से 1 नवंबर तक बारिश की संभावना है। इस दौरान तेज हवा भी चल सकती है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

    OpenBuk Bharat (ओपनबुक भारत) आपका भरोसेमंद डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है। हम राष्ट्रीय, प्रादेशिक (बिहार), वाणिज्य, और मनोरंजन जगत की हर बड़ी खबर निष्पक्षता और सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।