![]()
संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या कोष (UNFPA) ने गाजा में महिलाओं और लड़कियों के खिलाफ बढ़ती हिंसा को लेकर एक रिपोर्ट जारी की है। इसमें बताया गया है कि एक पिता ने अपनी 14 साल की बेटी की शादी 2 बोरी आटे के बदले कर दी। गाजा में रेप पीड़िताओं की शादी आरोपियों से कराए जाने के मामले भी सामने आए हैं। रिपोर्ट में बताया गया है कि परिवार और समाज में बदनामी से बचने और ‘इज्जत’ बनाए रखने के नाम पर पीड़िताओं की शादी आरोपियों से कराई जा रही है। गाजा में बाल और जबरन शादियों के दर्ज मामलों में 123% की बढ़ोतरी हुई है। UNFPA ने यह आंकड़े गाजा में काम कर रही 10 संस्थाओं से जुटाए हैं। इसके अलावा, गाजा सिटी और खान यूनिस के विस्थापन शिविरों में रहने वाली 230 महिलाओं से बातचीत की गई। स्कूल में रेप के बाद उसी जगह शादी और जश्न रिपोर्ट में गाजा सिटी और खान यूनिस के विस्थापन शिविरों में महिलाओं ने रेप के कई मामलों के बारे में बताया। उनके मुताबिक, ऐसी घटनाएं टेंट, शरणस्थल के तौर पर इस्तेमाल हो रहे स्कूलों, गलियों और समुद्र किनारे तक में हुईं। जहां आरोपी पीड़िता को जानता था, वहां कई मामलों को छिपाने की कोशिश की गई। कुछ मामलों में पीड़िता की शादी आरोपी या किसी दूसरे व्यक्ति से करा दी गई। एक महिला ने बताया: जब स्कूल में रेप का मामला सामने आता है, तो अगले दिन उसी स्कूल में शादी और जश्न होते हैं। अपाहिज लड़कियों पर ज्यादा खतरा गाजा में अपाहिज महिलाएं और लड़कियां सबसे ज्यादा खतरे में हैं। कुछ मामलों में आरोपी उनकी यह कमजोरी जानते थे। गाजा सिटी की एक महिला ने बताया कि एक मूक-बधिर लड़की सात घंटे तक गायब रही। वापस आने के बाद वह रो रही थी, लेकिन परिवार को लगा कि वह डर गई है। करीब दो महीने बाद पता चला कि वह गर्भवती थी और उसके साथ रेप हुआ था। आरोपी का पता नहीं चल सका। एक और मामले में 20 साल की एक महिला का जिक्र है, जिसे बातें समझने में दिक्कत होती थी। कई युवकों ने उसका शोषण किया। महिला के मुताबिक उसे ठीक से समझ भी नहीं आया कि उसके साथ क्या हो रहा है। माता-पिता की मौत के बाद बच्चियों की शादी युद्ध में माता-पिता खो चुकी लड़कियां भी कम उम्र में शादी के खतरे में हैं। गाजा सिटी की एक महिला ने बताया कि उसके परिवार की 14 और 15 साल की दो लड़कियों के माता-पिता युद्ध में मारे गए थे। इसके बाद उनके चाचाओं ने दोनों की शादी कर दी। महिला ने बताया, चाचा उनकी जिम्मेदारी और खर्च नहीं उठाना चाहते थे। लड़कियों की शादी उस उम्र में कर दी गई, जब वे यह भी नहीं समझती थीं कि शादी या जिंदगी क्या होती है। UNFPA ने अपनी रिपोर्ट में 12 से 17 साल की लड़कियों की शादी को बाल विवाह माना है। गाजा में युद्ध से पहले भी बाल विवाह की समस्या थी, लेकिन इसके मामलों में कमी आ रही थी। परिवार के सदस्य पर भी रेप का आरोप रिपोर्ट में परिवार के अंदर रेप का एक मामला भी बताया गया है। एक विधवा के साथ उसके पति के भाई ने रेप किया। महिला उस समय सो रही थी। बाद में वह गर्भवती हो गई। परिवार को पता चलने पर आरोपी के परिवार ने दोनों की शादी कराने की कोशिश की। मामला जज के पास ले जाया गया, लेकिन जज ने शादी कराने से इनकार कर दिया। उस समय महिला पति की मौत के बाद धार्मिक नियमों के तहत तय इंतजार की अवधि में थी। जज ने इस मामले को व्यभिचार माना। भीड़भाड़ वाले शिविरों में वैवाहिक रेप का खतरा रिपोर्ट में वैवाहिक रेप के मामलों का भी जिक्र है। महिलाओं ने बताया कि टेंट और दूसरे अस्थायी ठिकानों में बहुत ज्यादा भीड़ है। ऐसे में पति-पत्नी के बीच निजी जगह लगभग खत्म हो गई है। कुछ महिलाओं ने बताया कि वे बच्चों के सामने संबंध बनाने से इनकार करती हैं। इसके बाद उन्हें पीटा गया या जबरन संबंध बनाने के लिए मजबूर किया गया। एक महिला ने बताया कि संबंध बनाने से इनकार करने पर उसके पति ने उसे पीटा। उसका हाथ तोड़ दिया और आंखों पर भी चोट पहुंचाई। उनके टेंट में बच्चों समेत करीब 12 लोग रहते थे। बाद में पति ने स्कूल के बाथरूम में भी उसके साथ जबरन संबंध बनाए।
Source link
गाजा में 2 बोरी आटे के बदले बेटी की शादी:UN रिपोर्ट- रेप पीड़िताओं की आरोपियों से शादी, बाल विवाह 123% बढ़े
