Headlines

ADEO परीक्षा फर्जीवाड़े का मुख्य सरगना पटना से अरेस्ट:मुंगेर कोर्ट में पेशी के बाद EOU ने लिया रिमांड पर, 15-20 लाख में पास कराने का था आरोप




बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की सहायक विकास विस्तार अधिकारी (एडीईओ) परीक्षा में फर्जीवाड़े के मुख्य सरगना सतीश कुमार यादव को आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने पटना से गिरफ्तार कर लिया। सतीश कई महीनों से फरार चल रहा था। ईओयू की टीम ने उसे पटना के गर्दनीबाग थाना क्षेत्र के शिवपुरी इलाके से पकड़ा। गिरफ्तारी के बाद गुरुवार को ईओयू की टीम सतीश को मुंगेर लेकर पहुंची। यहां प्रथम न्यायिक दंडाधिकारी के न्यायालय में उसकी पेशी कराई गई। कोर्ट की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ईओयू ने उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ और आगे की जांच शुरू की। मुफस्सिल थाने में दर्ज केस का मुख्य आरोपी गिरफ्तार सतीश कुमार यादव बक्सर जिले के निजामीपुर का रहने वाला है। वह मुंगेर के मुफस्सिल थाना में दर्ज कांड संख्या 177/26 का मुख्य आरोपी है। एडीईओ परीक्षा में फर्जीवाड़े के खुलासे के बाद से ही पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। 15 से 20 लाख रुपये में पास कराने का आरोप यह मामला 14 और 15 अप्रैल को आयोजित एडीईओ परीक्षा में बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़े से जुड़ा है। जांच में सामने आया था कि अभ्यर्थियों को परीक्षा में पास कराने के नाम पर कथित तौर पर 15 से 20 लाख रुपये तक वसूले गए थे। 22 आरोपियों को पहले भेजा जा चुका है जेल मामला सामने आने के बाद मुंगेर पुलिस और प्रशासन ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की थी। पुलिस ने मास्टरमाइंड, तीन लाइनर और 18 अभ्यर्थियों समेत कुल 22 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इसके बाद मामले की जांच ईओयू को सौंप दी गई। व्हाट्सएप ग्रुप में मिले थे एडमिट कार्ड जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन खंगाले। इसी दौरान एक व्हाट्सएप ग्रुप का पता चला, जिसमें बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड मिले थे। पुलिस को इससे परीक्षा फर्जीवाड़े के नेटवर्क के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिले। कई जिलों तक फैला था नेटवर्क पुलिस के अनुसार, परीक्षा फर्जीवाड़े में शामिल गिरोह का नेटवर्क कई जिलों तक फैला हुआ था। मुख्य सरगना की गिरफ्तारी के बाद अब ईओयू कथित नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों और उनकी भूमिका की भी जांच कर सकती है। एसपी ने कहा- जांच में मिलेगी गति मुंगेर एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि एडीईओ परीक्षा फर्जीवाड़े के मामले में मुंगेर पुलिस ने पहले 22 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। मुफस्सिल थाना में दर्ज इसी मामले की जांच अब ईओयू कर रही है। जांच के क्रम में मुख्य सरगना सतीश कुमार यादव की गिरफ्तारी हुई है। ईओयू की पूछताछ के बाद मामले में जुड़े अन्य लोगों की भूमिका स्पष्ट होने की संभावना है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *