![]()
मोतिहारी के सुगौली नगर स्थित श्वेता इमरजेंसी हॉस्पिटल को प्रशासन ने सील कर दिया है। अस्पताल में इलाज के दौरान एक महिला की मौत के करीब 36 घंटे बाद बुधवार को प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने कार्रवाई करते हुए अस्पताल का संचालन बंद करा दिया। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अस्पताल परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। अधिकारियों की टीम ने किया निरीक्षण बीडीओ सह मजिस्ट्रेट नूतन किरण, एसीएमओ डॉ. एमए असद और सुगौली थानाध्यक्ष अनिष कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारियों की टीम अस्पताल पहुंची। अधिकारियों ने अस्पताल परिसर का निरीक्षण किया और जरूरी दस्तावेजों व रिकॉर्ड की जांच शुरू की। इसके बाद अस्पताल के संचालन पर रोक लगाते हुए उसे सील कर दिया गया। महिला की मौत के बाद हुआ था हंगामा मंगलवार को इसी अस्पताल में इलाज के दौरान एक महिला की मौत हो गई थी। इसके बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया था। महिला की मौत से नाराज परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा भी किया था, जिसके बाद मामले में प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा। लाइसेंस और सुविधाओं की होगी जांच प्रशासन ने बताया कि अस्पताल के लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन, उपलब्ध मेडिकल सुविधाओं और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जाएगा कि अस्पताल नियमों के अनुसार संचालित हो रहा था या नहीं। मौत के कारणों की भी होगी पड़ताल अधिकारियों का कहना है कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इलाज में किसी तरह की लापरवाही बरती गई या नहीं और अस्पताल प्रबंधन ने सभी निर्धारित नियमों का पालन किया था या नहीं, इसकी विस्तृत जांच की जाएगी। जांच रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में किसी प्रकार की गड़बड़ी या इलाज में लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमों के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
महिला की मौत के 36 घंटे बाद श्वेता हॉस्पिटल सील:प्रशासन ने शुरू की लाइसेंस-रजिस्ट्रेशन की जांच,इलाज में लापरवाही के बाद कार्रवाई
