![]()
नालंदा में बर्ड फ्लू (एवियन इन्फ्लूएंजा) ने दस्तक दे दी है। बिहारशरीफ में डीएम के सरकारी आवास कैंपस में दो सप्ताह पहले चार कौए मृत पाए गए थे। उनकी जांच रिपोर्ट में एच5एन1 वायरस की पुष्टि हुई है। भोपाल स्थित राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान से रिपोर्ट सामने आते के बाद जिला प्रशासन और पशुपालन विभाग ने एहतियातन कार्रवाई शुरू कर दी है। संक्रमण के संभावित खतरे को देखते हुए जिले से लेकर राज्य स्तर तक प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। छुट्टियां रद्द, 12 किमी का इलाका सर्विलांस पर बर्ड फ्लू की पुष्टि होने के तुरंत बाद जिला स्तर पर रैपिड रिस्पांस टीम का गठन कर दिया गया है और जिले के सभी पशु चिकित्सकों व विभागीय कर्मियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी गई हैं। संक्रमण के फैलाव को रोकने के लिए नगर निगम की टीम के सहयोग से डीएम आवास परिसर और आसपास की डीएम कॉलोनी में बड़े पैमाने पर सैनिटाइजर और कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराया गया है। जिला पशुपालन पदाधिकारी बोली- 6 नवंबर को मरे हुए मिले थे कौए जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. रेखा चौबे ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि बीते 6 नवंबर को डीएम आवास परिसर में चार कौए संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए थे। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर बिहारशरीफ शहर के आसपास के 12 किलोमीटर के दायरे को सर्विलांस जोन पर रखा है। इस परिधि में आने वाले सभी पोल्ट्री फार्मों से मुर्गों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। साथ ही, प्रखंड स्तर पर भी विशेष मॉनिटरिंग टीमें गठित की गई हैं, जो ग्रामीण क्षेत्रों के पोल्ट्री फार्मों और पक्षियों की गतिविधियों पर पैनी नजर रख रही हैं। पटना से पहुंची विशेषज्ञों की टीम, रोकथाम की बनी रणनीति स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पटना स्थित पशु स्वास्थ्य एवं उत्पादन संस्थान की चार सदस्यीय विशेषज्ञ टीम नालंदा पहुंची थी। इस उच्चस्तरीय टीम में डॉ. प्रियरंजन, डॉ. धर्मवीर सिंह, डॉ. ज्ञानवेंद्र कुमार वर्मा और डॉ. संजय कुमार शामिल थें। राज्यस्तरीय टीम ने सबसे पहले डीएम आवास परिसर और आसपास के इलाकों का स्थलीय निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद टीम ने जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. रेखा चौबे के साथ एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की, जिसमें वायरस के स्रोत, अब तक बरती गई सावधानियों और संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए आगे की ठोस रणनीति तैयार की गई। कैसे फैला वायरस और क्या है राहत की बात? जिला पशुपालन पदाधिकारी ने संक्रमण के कारणों को स्पष्ट करते हुए बताया कि सर्दियों के इस मौसम में प्रवासी (साइबेरियन) पक्षी और बत्तख बड़ी संख्या में जिले के जलाशयों में आते हैं, जो इस वायरस के प्राकृतिक वाहक होते हैं। स्थानीय कौए इन्हीं प्रवासी पक्षियों के संपर्क में आने से संक्रमित हो जाते हैं। प्रशासन के अनुसार, जिलेवासियों के लिए सबसे बड़ी राहत की बात यह है कि अब तक शहर या ग्रामीण क्षेत्र के किसी भी पोल्ट्री फार्म में मुर्गियों के असमय मरने या बर्ड फ्लू के संक्रमण का कोई मामला सामने नहीं आया है। क्या है बर्ड फ्लू? बर्ड फ्लू, आम भाषा में एवियन इन्फ्लूएंजा कहा जाता है, पक्षियों में होने वाली एक संक्रामक वायरल बीमारी है। यह मुख्य रूप से जंगली बत्तखों और गीज जैसे जलपक्षियों में पाया जाता है। जब यह वायरस H5N1 जैसे घातक रूप में बदलता है, तो यह मुर्गीपालन (पोल्ट्री) और कभी-कभी इंसानों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकता है। कैसे फैलता है बर्ड फ्लू? इंसानों में बर्ड फ्लू संक्रमित पक्षियों के संपर्क में आने से फैलता है। अगर कोई व्यक्ति बीमार पक्षी को छूता है, पक्षी की लार, नाक का स्राव या उनकी बीट के संपर्क में आता है तो वो संक्रमित हो सकता है। इसके साथ ही संक्रमित पक्षियों के पंख फड़फड़ाने या छींकने से वायरस के महीन कण हवा में मिल जाते हैं, जो सांस के जरिए शरीर में जा सकते हैं। अगर कोई इंसान बर्ड फ्लू से संक्रमित होता है, तो उसमें तेज बुखार, खांसी, गले में खराश और मांसपेशियों में दर्द और सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण नजर आते हैं।
Source link
नालंदा- डीएम आवास में कौओं में बर्ड फ्लू की पुष्टि:दो सप्ताह पहले मरे पाए गए थे, बिहारशरीफ का 12km का एरिया सर्विलांस जोन घोषित
