![]()
किशनगंज के चूड़ीपट्टी खनका स्थित वार्ड नंबर 16 की शहजादी के प्रसव के दौरान सदर अस्पताल में लापरवाही का आरोप लगा है। परिजनों का कहना है कि सामान्य प्रसव के दौरान नवजात के सिर पर जख्म हो गया। इसके बाद बच्चे को अस्पताल के एसएनसीयू में भर्ती कराया गया। परिजनों ने डिलीवरी कराने वाली जीएनएम उषा कुमारी सिंह, नेहा दास और उर्मिला कुमारी पर लापरवाही का आरोप लगाया। शनिवार सुबह वार्ड पार्षद अंजार के नेतृत्व में परिजन सदर अस्पताल पहुंचे और मामले को लेकर विरोध जताया। फोर्थ ग्रेड स्टाफ से प्रसव कराने पर सवाल परिजनों का आरोप है कि उर्मिला कुमारी फोर्थ ग्रेड स्टाफ हैं। इसके बावजूद जीएनएम उषा कुमारी सिंह उन्हें लेबर रूम में प्रवेश करने और प्रसव कराने की जिम्मेदारी देती थीं। परिजनों ने सवाल उठाया कि जब ड्यूटी पर दो जीएनएम मौजूद थीं, तो फोर्थ ग्रेड स्टाफ से प्रसव क्यों कराया गया। सिविल सर्जन ने लापरवाही से किया इनकार मामले की जानकारी मिलने पर सिविल सर्जन डॉ. राजकुमार चौधरी और सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. मंजर आलम लेबर रूम पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने शहजादी और एसएनसीयू में भर्ती नवजात के स्वास्थ्य की जानकारी ली। सिविल सर्जन ने कहा कि नवजात स्वस्थ है और प्रसव के दौरान किसी तरह की लापरवाही नहीं हुई। एसडीएम के हस्तक्षेप से शांत हुए परिजन परिजन नवजात को निजी डॉक्टर से दिखाने के लिए एसएनसीयू से ले जाना चाहते थे। अस्पताल कर्मियों ने बताया कि नवजात को अपनी मर्जी से ले जाने के लिए अभिभावक को लिखित सहमति देनी होगी। सिविल सर्जन और उपाधीक्षक के समझाने के बाद भी परिजन लिखित दिए बिना नवजात को ले जाने पर अड़े रहे। इसके बाद मामला एसडीएम अनिकेत कुमार तक पहुंचा। एसडीएम ने फोन पर परिजनों को समझाया, जिसके बाद वे शांत हुए। अंततः लिखित सहमति देने के बाद परिजन नवजात को एसएनसीयू से लेकर निजी अस्पताल चले गए।
Source link
सदर अस्पताल में प्रसव के दौरान लापरवाही का आरोप:नवजात के सिर पर जख्म; एसडीएम के समझाने पर माने परिजन, SNCU में कराया भर्ती
