![]()
बांग्लादेश में हिंसा की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रहीं। नराइल जिले में शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग के नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों के करीब 50 घरों और दुकानों में आग लगा दी गई। घटना शुक्रवार को कालिया उपजिला के बेंदर चार गांव में हुई। स्थानीय लोगों के मुताबिक हमले शुक्रवार दोपहर से देर रात तक जारी रहे। हमलावरों ने कई घरों में तोड़फोड़ की और वहां रखा फर्नीचर, कीमती सामान और दूसरी चीजें लूट लीं। पूर्व पीएम शेख हसीना देश लौटने की बात कह चुकी हैं। इसके बाद से ही तनाव बढ़ गया है। बीते दिनों हुई हिंसा में पीएम तारिक रहमान की पार्टी BNP के दो नेता मारे गए थे। पूर्व सांसद और मेयर के घर भी निशाने पर स्थानीय लोगों ने इन हमलों के लिए पीएम तारिक रहमान की पार्टी BNP के कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार बताया है। हालांकि, हमले में शामिल लोगों की पहचान नहीं हुई है। पूर्व अवामी लीग सांसद बीएम कबीरुल हक मुक्ति बिस्वास का पुश्तैनी घर भी जला दिया गया है। इसके अलावा अवामी लीग के महासचिव कृष्णपद घोष, कालिया नगरपालिका के पूर्व मेयर मुशफिकुर रहमान लिटन और स्वेच्छासेवक लीग के नेता एसएम शमीम के घरों पर भी हमला किया गया। फायर सर्विस के स्टेशन अधिकारी हुमायूं कबीर के मुताबिक उन्हें शुक्रवार शाम करीब 4 बजे बेंदर चार गांव में कई घरों में आग लगने की सूचना मिली थी। लेकिन रास्ते में कई जगह पेड़ काटकर डाल दिए गए थे जिससे दमकल की गाड़ियां गांव तक नहीं पहुंच सकीं। रास्ते से पेड़ हटाने के बाद दमकलकर्मी रात करीब 8 बजे मौके पर पहुंचे। तब तक ज्यादातर आग बुझ चुकी थी। नराइल के पुलिस अधीक्षक मोहम्मद अल मामून सिकदर ने शनिवार सुबह कहा कि पुलिस घटना की जांच करेगी। 18 नवंबर से हुई थी हिंसा की शुरूआत हिंसा की शुरुआत 18 नवंबर की शाम से हुई थी। उस दिन कालिया नगरपालिका के बेंदर चार इलाके में BNP कार्यकर्ताओं की मोटरसाइकिल रैली पर हमला हुआ था। BNP के मुताबिक यह रैली अवामी लीग की हिंसक गतिविधियों के विरोध में निकाली गई थी। रैली जब बेंदर चार गांव के बरगद के पेड़ वाले इलाके में पहुंची, तभी उस पर हमला हुआ। इस दौरान कई मोटरसाइकिलों में भी आग लगा दी गई। हमले में तीन लोग घायल हुए थे। गंभीर हालत में दो लोगों को इलाज के लिए खुलना ले गए। इसी दौरान दोनों की मौत हो गई। BNP नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इस हमले के लिए अवामी लीग के सदस्यों को जिम्मेदार ठहराया था। हुमायूं कबीर के घर में भी लगी थी आग बांग्लादेश में विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर के घर पर शुक्रवार को पेट्रोल बम फेंककर आग लगा दी गई थी। घटना के समय हुमायूं कबीर वहां मौजूद नहीं थे। घटना के बाद आवास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इस मामले की जांच की जा रही है। कबीर ने इस हमले के लिए पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग को जिम्मेदार ठहराया था। उन्होंने अवामी लीग को आतंकवादी संगठन भी कहा था। उन्होंने कहा था कि हिंसा के जरिए दिल्ली से किसी भगोड़े को कमर्शियल फ्लाइट से बांग्लादेश वापस नहीं लाया जा सकता। इसके लिए प्रत्यर्पण संधि का ही रास्ता अपनाया जाएगा। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है। अवामी लीग के बंद के ऐलान के बीच कई जगह आगजनी हुई थी शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग ने 19 नवंबर को देशभर में एक दिन के बंद का ऐलान किया था। पार्टी ने हसीना की वापसी की मांग को लेकर करीब एक हफ्ते तक प्रदर्शन और रैलियां की थीं। इसके बाद बंद बुलाया गया। बंद का सबसे ज्यादा असर दक्षिणी बांग्लादेश के उन जिलों में देखने को मिला, जहां अवामी लीग का मजबूत जनाधार है। इस दौरान कई जगह आगजनी, तोड़फोड़ और हमलों की घटनाएं सामने आईं। बीएनपी सांसदों के घरों पर हमला: शेख हसीना के गृह जिले गोपालगंज में बीएनपी के दो सांसदों के घरों में तोड़फोड़ की गई और आग लगा दी गई। कुछ बाजारों और दुकानों को भी निशाना बनाया गया। बसों और गाड़ियों में आग: पुलिस के मुताबिक, कम से कम 6 बसों और पिकअप गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया गया। रेलवे लाइन के एक हिस्से को भी नुकसान पहुंचाया गया। ढाका-चटगांव हाईवे पर आगजनी: गुरुवार को हाईवे पर एक बस और ट्रक में आग लगा दी गई। बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकल आए। हसीना दिसंबर में देश लौटना चाहती हैं बांग्लादेश में 2024 को छात्र आंदोलन के बाद शेख हसीना की सरकार गिर गई थी। इसके बाद मोहम्मद यूनुस ने अंतरिम सरकार की कमान संभाली थी। उन्होंने हसीना की पार्टी अवामी लीग पर लगे बैन लगा दिया था। अब तारिक रहमान बांग्लादेश के प्रधानमंत्री हैं। उनकी सरकार ने इस बैन को जारी रखा है। हसीना ने जुलाई 2026 में दिसंबर में बांग्लादेश लौटने और वहां की अदालत में कानूनी प्रक्रिया का सामना करने की इच्छा जताई थी। इस महीने उन्होंने दोबारा कहा कि वह हर हाल में दिसंबर में लौटेंगी। इसके बाद से देश में राजनीतिक तनाव बढ़ा है।
Source link
बांग्लादेश में फिर हिंसा, हसीना समर्थकों के 50 घर जलाए:दो दिन पहले BNP के 2 नेताओं की हत्या हुई थी
