Headlines

6 महीने से सड़क उखाड़कर छोड़ी:खगड़िया के NH-31 तक जाने वाली बदहाल, 3.5KM में बिखरे पत्थर-गड्ढे; 10 गांवों के लोग परेशान




खगड़िया के परबत्ता प्रखंड में सड़क निर्माण के नाम पर पुरानी सड़क उखाड़कर छोड़ दिए जाने से करीब 10 गांवों के हजारों लोग परेशान हैं। जमालपुर-भरतखंड-14 से बगुलवा ढाला, भरतखंड हॉल्ट होते हुए एनएच-31 तक जाने वाली करीब 5 से 5.5 किलोमीटर लंबी सड़क की हालत बदतर हो गई है। सड़क पर बड़े-बड़े पत्थर उभर आए हैं और गिट्टियां बिखरी पड़ी हैं। करीब छह महीने से लोग इसी जर्जर रास्ते से आवागमन करने को मजबूर हैं। स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, सड़क का करीब 3 से 3.5 किलोमीटर हिस्सा पूरी तरह खराब हो चुका है। आरोप है कि निर्माण कार्य के नाम पर पहले जेसीबी से पुरानी सड़क उखाड़ दी गई, लेकिन इसके बाद काम अधूरा छोड़ दिया गया। अब सड़क पर गड्ढों और पत्थरों के कारण दोपहिया वाहन चालकों को भी हादसे का खतरा बना रहता है। रात में स्थिति और मुश्किल हो जाती है। देखें, मौके से आई तस्वीरें… 10 गांवों के हजारों लोगों का रास्ता प्रभावित यह सड़क करीब 9 से 10 हजार लोगों के आवागमन का प्रमुख रास्ता है। इसके जरिए ग्रामीण भरतखंड हॉल्ट, बगुलवा ढाला और एनएच-31 तक पहुंचते हैं। किसान इसी रास्ते से अपनी उपज बाजार ले जाते हैं। छात्र-छात्राओं, मजदूरों, महिलाओं और अन्य राहगीरों को भी रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है। सड़क खराब होने से हॉल्ट पर भी असर सौर दक्षिणी पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता राजेश कुमार मंडल ने सड़क की बदहाली पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि करीब 5 से 5.5 किलोमीटर लंबी इस सड़क से 9 से 10 हजार लोगों की कनेक्टिविटी जुड़ी हुई है। सड़क खराब होने का असर भरतखंड हॉल्ट पर भी पड़ रहा है। पहले यहां से प्रतिदिन 200 से 300 और कभी-कभी 400 तक लोग आवागमन करते थे, लेकिन अब सड़क की स्थिति के कारण लोग लोकल ट्रेन पकड़ने आने से भी कतराने लगे हैं। उन्होंने सांसद और विधायक से क्षेत्र में आकर सड़क की स्थिति देखने और निर्माण में हुई लापरवाही की जांच कराने की मांग की। पहले चलने लायक थी, अब बाइक ले जाना मुश्किल यदुवंश नगर, भरतखंड निवासी राजकुमार राय ने कहा कि सड़क पहले कम से कम चलने लायक थी। निर्माण के नाम पर जेसीबी से उसे तोड़ दिया गया, लेकिन काम पूरा नहीं हुआ। अब स्थिति ऐसी है कि बाइक लेकर गुजरना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि ठेकेदार सड़क उखाड़कर चला गया और इसके बाद किसी ने सुध नहीं ली। छह महीने से किसान भी झेल रहे परेशानी भरतखंड निवासी गोरेलाल यादव ने कहा कि करीब छह महीने से सड़क की यही स्थिति बनी हुई है। कई बार ठेकेदार आए और निर्माण के नाम पर सड़क को उखाड़कर छोड़ दिया। लेकिन काम पूरा नहीं हुआ। सड़क खराब रहने से किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में परेशानी हो रही है। वहीं, भरतखंड हॉल्ट और एनएच-31 तक पहुंचना भी मुश्किल हो गया है। संवेदक की कार्यशैली की जांच कराने की मांग स्थानीय किसानों, ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने सांसद, विधायक और जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। लोगों का कहना है कि संबंधित विभाग सड़क का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्य की स्थिति और संवेदक की कार्यशैली की जांच करे। यह भी तय किया जाए कि पुरानी सड़क उखाड़ने के बाद निर्माण कार्य अधूरा क्यों छोड़ दिया गया। ग्रामीणों ने जल्द गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराने और जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करने की मांग की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *