![]()
ऑनलाइन सट्टेबाजी के जरिए देशभर में ठगी करने वाले अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय गिरोह का बिहार एसटीएफ, पटना पुलिस और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने पर्दाफाश किया है। बुधवार को बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के छह शहरों में एक साथ छापेमारी की गई। इस दौरान गिरोह के सरगना संदीप कुमार गुप्ता समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, 37 अन्य संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह BaliExch.com समेत कई ऑनलाइन सट्टेबाजी वेबसाइट के माध्यम से लोगों को अपने जाल में फंसाता था। छापेमारी पटना में सात, कोलकाता में दो, दिल्ली में तीन, गाजियाबाद में एक, प्रयागराज में दो और रांची में एक ठिकाने पर की गई। रांची से गिरोह के सरगना संदीप कुमार गुप्ता और लवली प्रिया को गिरफ्तार किया गया। वहीं, पटना के पत्रकार नगर से मनदीप सिंह उर्फ गोल्डी और दानापुर के मेरिडियन इलाके से कौशल कुमार, चंगु और मोनू कुमार उर्फ मंगू को पकड़ा गया है। 22 लाख कैश और 100 से अधिक मोबाइल बरामद छापेमारी के दौरान पुलिस ने 22 लाख रुपये नकद, अलग-अलग बैंकों के 300 से अधिक एटीएम और क्रेडिट कार्ड, 100 से अधिक मोबाइल, पांच लैपटॉप, छह टैब, करीब 500 ग्राम सोने-चांदी के जेवरात, महंगी घड़ियां, सिम कार्ड, पीओएस मशीन, क्यूआर साउंड बॉक्स और कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। 44 बैंक खातों में 88.52 करोड़ का लेनदेन जांच में गिरोह के 44 म्यूल बैंक खाते सामने आए हैं। इन खातों में करीब 88.52 करोड़ रुपये जमा हुए, जबकि 87.62 करोड़ रुपये दूसरे खातों में ट्रांसफर किए गए। पुलिस के मुताबिक, इन खातों का इस्तेमाल ठगी की रकम को अलग-अलग खातों में घुमाकर उसके असली स्रोत को छिपाने के लिए किया जा रहा था। दुबई में बैठकर चलाता था गिरोह का सरगना पुलिस जांच में पता चला है कि गिरोह का सरगना दुबई में रहकर विदेशी सर्वर के जरिए सट्टेबाजी की वेबसाइट संचालित करता था। गिरोह के सदस्य सोशल मीडिया और व्हाट्सएप के माध्यम से लोगों को ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी का लालच देते थे। शुरुआत में लोगों को जीत दिलाई जाती थी, ताकि वे ज्यादा पैसे लगाएं। इसके बाद उनकी रकम ठग ली जाती थी। कई मामलों में जीतने के बाद भी खिलाड़ियों को पैसे नहीं दिए जाते थे। ठगी की रकम फर्जी कंपनियों और दूसरे लोगों के नाम पर खोले गए बैंक खातों, यूपीआई और क्यूआर कोड के जरिए जमा कराई जाती थी। इसके बाद रकम को कई बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिया जाता था, ताकि पुलिस को इसकी जानकारी नहीं मिल सके। पटना में कई ठिकानों पर चल रहा था खेल जांच में पटना के राजा बाजार, बेली रोड, एग्जीबिशन रोड और खगौल स्थित कई अपार्टमेंट में गिरोह के सदस्यों की गतिविधियों का पता चला है। पुलिस को आशंका है कि इस गिरोह के तार विदेश तक जुड़े हैं। इसमें युवाओं के साथ किशोरों को भी सट्टेबाजी के जाल में फंसाया जा रहा था। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास और गिरोह के विदेशी कनेक्शन की जांच कर रही है। फरार सदस्यों और अन्य ठिकानों पर छापेमारी जारी है।
Source link
ऑनलाइन सट्टेबाजी का अंतरराष्ट्रीय गिरोह, 6 गिरफ्तार:पटना समेत 6 शहरों में रेड; 88.52 करोड़ का ट्रांजेक्शन मिला, 44 म्यूल बैंक खातों का खुलासा
