Headlines

Biharsharif Master Plan 2047 | Rural Infrastructure Survey Completed


बिहार शरीफ स्थित टेलीफोन एक्सचेंज

बिहारशरीफ आयोजना क्षेत्र के जीआईएस आधारित मास्टर प्लान-2047 के तहत शहर और उससे सटे ग्रामीण इलाकों की सामाजिक व भौतिक बुनियादी सुविधाओं का विस्तृत सर्वेक्षण पूरा कर लिया गया है।

.

परामर्शी एजेंसी डीडीएफ कंसल्टेंट्स द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट के अनुसार, संचार, डाक और बैंकिंग सेवाओं के मामले में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के बीच बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है।

बीएसएनएल कार्यालय और प्राथमिक सर्वेक्षण के आंकड़ों पर आधारित इस रिपोर्ट में बताया गया है कि पूरे आयोजना क्षेत्र में 40,000 लाइनों की क्षमता वाले कुल 3 टेलीफोन एक्सचेंज कार्यरत हैं, लेकिन ये तीनों ही बिहारशरीफ नगर निगम सीमा के भीतर स्थित हैं, जबकि नगर निगम के बाहर के ग्रामीण इलाकों में एक भी टेलीफोन एक्सचेंज नहीं है।

नगर निगम क्षेत्र में 37 बैंक हो रहे संचालित

नगर निगम क्षेत्र में 37 बैंक हो रहे संचालित

बैंकिंग सेवाओं का शहरीकरण, डाकघरों का ग्रामीण क्षेत्रों तक विस्तार

बैंकिंग सुविधाओं की बात करें तो शहर में लॉकर, एटीएम और सभी आधुनिक सुविधाओं से लैस कुल 37 बैंक शाखाएं संचालित हो रही हैं, जो पूरी तरह से नगर निगम क्षेत्र में ही केंद्रित हैं। नगर निगम सीमा से बाहर के ग्रामीण हिस्सों में पूर्ण सुविधाओं वाले बैंकों की अनुपस्थिति से स्थानीय ग्रामीणों को वित्तीय लेन-देन के लिए शहर पर निर्भर रहना पड़ता है। इसके विपरीत, डाक सेवाओं का नेटवर्क ग्रामीण इलाकों तक अपनी पहुंच बनाए हुए है।

रिपोर्ट के मुताबिक, आयोजना क्षेत्र में बिना डिलीवरी सुविधा वाले कुल 13 पोस्ट ऑफिस काउंटर कार्यरत हैं, जिनमें से 7 नगर निगम क्षेत्र में और 6 ग्रामीण इलाकों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इसके अलावा, डिलीवरी सुविधा से युक्त एकमात्र प्रधान डाकघर नगर निगम क्षेत्र में स्थित है, जबकि प्रशासनिक कार्यालय वाला प्रधान डाकघर पूरे क्षेत्र में कहीं भी उपलब्ध नहीं है।

अंतिम संस्कार के लिए 2 विद्युत शवदाह गृह समेत कुल 43 स्थल उपलब्ध

मास्टर प्लान के सर्वेक्षण में सामुदायिक सुविधाओं के अंतर्गत श्मशान घाट, कब्रिस्तान और विद्युत शवदाह गृहों की स्थिति का भी आकलन किया गया है। बिहारशरीफ नगर निगम और प्राथमिक सर्वेक्षण के आंकड़ों के अनुसार, संपूर्ण आयोजना क्षेत्र में अंतिम संस्कार के लिए कुल 43 स्थल चिह्नित किए गए हैं।

इनमें आधुनिक तकनीक से लैस 2 विद्युत शवदाह गृह शामिल हैं, जो पर्यावरण संरक्षण और सुगम अंत्येष्टि की दिशा में एक महत्वपूर्ण सुविधा है। इसके अतिरिक्त, परंपरागत रूप से अंतिम संस्कार के लिए क्षेत्र में 21 श्मशान घाट और 20 कब्रिस्तान मौजूद हैं।

बिहार शरीफ स्थित कब्रिस्तान

बिहार शरीफ स्थित कब्रिस्तान

भविष्य की जरूरतों के अनुरूप होगा बुनियादी ढांचे का विस्तार

विशेषज्ञों का मानना है कि वर्ष 2047 तक बिहारशरीफ की अनुमानित आबादी और शहरी विस्तार को देखते हुए इन बुनियादी सेवाओं का विकेंद्रीकरण बेहद जरूरी है। जहां एक ओर डाक और बैंकिंग सेवाओं को नगर निगम से बाहर विकसित हो रहे नए आवासीय व ग्रामीण केंद्रों तक पहुंचाना होगा।

वहीं दूसरी ओर मौजूदा श्मशान घाटों, कब्रिस्तानों और विद्युत शवदाह गृहों के रखरखाव व सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देना होगा, ताकि आम नागरिकों को हर स्तर पर बेहतर सामुदायिक सुविधाएं मिल सकें।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *