Headlines

'सरकार एक करोड़ नौकरी, रोजगार के दिशा में प्रयासरत':औरंगाबाद में बोले मंत्री दीपक प्रकाश, कहा- पंचायत सरकार भवन, कन्या विवाह मंडप का गरीबों को ज्यादा लाभ




औरंगाबाद सदर प्रखंड के फेसर बाजार में बुधवार की देर शाम श्री लक्ष्मी पूजा के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं भक्ति जागरण का उद्घाटन बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने दीप प्रज्वलित कर एवं फीता काटकर किया। कार्यक्रम में पहुंचने पर स्थानीय लोगों और पूजा समिति के सदस्यों ने मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और युवा मौजूद रहे। पूजा समिति की ओर से फेसर क्षेत्र के विकास से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर मंत्री को ज्ञापन भी सौंपा गया। मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि फेसर में पहली बार आने का अवसर मिला है। लोगों और विशेषकर युवाओं ने जिस उत्साह के साथ स्वागत किया, उसके लिए वे आभारी हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 1988 से यहां श्री लक्ष्मी पूजा का आयोजन हो रहा है। धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम समाज को जोड़ने का काम करते हैं। ऐसे आयोजनों में सभी जाति, धर्म और वर्ग के लोग एक साथ शामिल होते हैं। इससे आपसी भेदभाव, मनमुटाव और दूरियां समाप्त होती हैं तथा सामाजिक एकता मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन लगातार होते रहने चाहिए, क्योंकि इनसे समाज में सकारात्मक संदेश जाता है। कन्या विवाह मंडप और प्रखंड निर्माण की मांग पर दिया भरोसा फेसर में विकास से जुड़ी मांगों पर मंत्री ने कहा कि पंचायत सरकार भवन और कन्या विवाह मंडप जैसी योजनाओं से सबसे अधिक लाभ आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को मिलता है। कन्या विवाह मंडप बनने से वैसे परिवारों को राहत मिलेगी, जो आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण बेटियों की शादी में परेशानियों का सामना करते हैं। उन्होंने भूमि से जुड़ी समस्या के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया। वहीं, फेसर को प्रखंड बनाने की मांग को बड़ी मांग बताते हुए कहा कि इसे उचित मंच तक पहुंचाया जाएगा और सरकार के समक्ष इस विषय को रखा जाएगा। स्थानीय विधायक की प्रशंसा करते हुए मंत्री ने कहा कि विधानसभा में वे अपने क्षेत्र की समस्याओं को मजबूती से उठाते हैं। क्षेत्र की जनता को ऐसे जनप्रतिनिधि मिले हैं, जो विकास के मुद्दों को लेकर लगातार सक्रिय रहते हैं। युवाओं को रोजगार और कौशल विकास का दिया संदेश मंत्री ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार ने एक करोड़ नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने युवाओं से सोशल मीडिया का सकारात्मक उपयोग करने, ज्ञान बढ़ाने और कौशल विकास पर ध्यान देने की अपील की। कहा कि बदलते समय के अनुसार युवाओं को खुद को रोजगार के योग्य बनाना होगा, ताकि अवसर मिलने पर वे उसका लाभ उठा सकें। उन्होंने 21 नवंबर को प्रधानमंत्री के प्रस्तावित बिहार दौरे और वैशाली में औद्योगिक पार्क के शिलान्यास का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे रोजगार और औद्योगिक विकास को नई दिशा मिलेगी। वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। कार्यक्रम में विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह, विधायक डॉ. प्रकाश चंद्र, बिजेंद्र शौर्य, संजय मिश्रा, राकेश कुमार, रवि गुप्ता, नीरज गुप्ता, संजय गुप्ता, रंजन गुप्ता, अमित, अशोक गुप्ता, अजय गुप्ता, बबलू चौरसिया, सोनू कुमार, अशोक कुमार समेत पूजा समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *