![]()
कटिहार के न्यू मार्केट में छठ महापर्व को लेकर रौनक बढ़ने लगी है। पूजा सामग्री की दुकानों पर खरीदारी शुरू हो गई है, वहीं छठ व्रतियों के घाट जाने के लिए ढोल-नगाड़ों की एडवांस बुकिंग भी हो रही है। बाजार में दर्जनों ढोल वाले अपने वाद्य यंत्रों के साथ ग्राहकों का इंतजार कर रहे हैं। कोई ढोल बजाकर अपनी धुन सुना रहा है तो कोई बुकिंग और किराये को लेकर मोल-भाव कर रहा है। छठ की परंपरा के अनुसार, व्रती जब पूजा का डाला लेकर घाट जाते हैं तो उनके आगे ढोल-नगाड़े बजाए जाते हैं। इसे शुभ माना जाता है। इसी परंपरा के चलते लोग छठ से कई दिन पहले ही ढोल-नगाड़ों की बुकिंग करा रहे हैं। शनिवार को न्यू मार्केट में ढोल वालों की भीड़ नजर आई। देखें,मौके से आई तस्वीरें… ढोल की थाप पर बाजार में रौनक बाजार में ढोल वाले बीच-बीच में ढोल बजाकर ग्राहकों को अपनी धुन सुना रहे हैं। बड़े ढोल लाल-काले कपड़ों से सजाए गए हैं और पीली रस्सियों से कसे हुए हैं। कुछ युवा ढोल बजाने की कला सीखते भी नजर आए। वहीं, ग्राहक अपनी पसंद और बजट के अनुसार ढोल-नगाड़ों की बुकिंग कर रहे हैं। सूप-डाला से लेकर फलों की खरीदारी न्यू मार्केट में छठ पूजा के लिए बांस के डाला, सूप, कोनिया, टोकरी और अन्य पूजन सामग्री की दुकानें सज गई हैं। बाजार में केले के घवद, सेब, नारियल और दूसरे फल भी बिक रहे हैं। महिलाएं सूप और डाला की गुणवत्ता देखकर खरीदारी कर रही हैं। छठ गीतों से भक्तिमय हुआ बाजार बाजार में खरीदारी के साथ छठ के पारंपरिक गीतों की गूंज भी सुनाई दे रही है। लाउडस्पीकर पर ‘कांच ही बांस के बहंगिया’ जैसे लोकगीत बज रहे हैं। पूजा सामग्री की दुकानों और ढोल-नगाड़ों की थाप के बीच न्यू मार्केट का माहौल पूरी तरह छठमय हो गया है।
Source link
कटिहार-घाट जाने के लिए ढोल-नगाड़ों की एडवांस बुकिंग:कटिहार के न्यू मार्केट में डाला, सूप, कोनिया और फलों की दुकानें सजीं
