![]()
मधुबनी के वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बाबूबरही थाना क्षेत्र में मिले शव को लेकर सोशल मीडिया पर फैली खबरों का खंडन किया। उन्होंने कहा कि शव बोरे में बंद नहीं था।
योगेंद्र कुमार ने बताया कि 12 नवंबर 2026 को शव बाबूबरही इलाके के खुले मैदान में झाड़ी के पास मिला था। सोशल मीडिया पर शव बोरे में मिलने की खबर गलत है।
एसएसपी के मुताबिक, वांछित आरोपी और बाबूबरही थाने के एएसआई चंद्रमोहन सिंह की गिरफ्तारी और मामले की जांच के लिए बनी विशेष पुलिस टीम ने शव बरामद किया था। शव मिलने के बाद पुलिस के बयान पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज की गई।
मामले में कांड संख्या 587/26, दिनांक 12 नवंबर 2026 दर्ज है। इसमें भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 61(2), 238 और 3(5) के साथ आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराएं लगाई गई हैं।
एसएसपी ने बताया कि मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में तीन डॉक्टरों के मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। इसकी पूरी वीडियोग्राफी की जा रही है। एफएसएल टीम ने घटनास्थल की जांच की है।
शव के नीचे से मिली सर्विस पिस्टल की बैलिस्टिक जांच कराई जा रही है, ताकि पता चल सके कि उससे गोली चलाई गई थी या नहीं। मृतक की पहचान की पुष्टि के लिए डीएनए जांच भी होगी।
मामले की जांच के लिए सदर-2 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एसआईटी बनाई गई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
एसएसपी ने कहा कि सोशल मीडिया सेल मामले से जुड़ी खबरों पर नजर रख रही है। भ्रामक खबर फैलाने वालों की पहचान कर ली गई है। उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। मधुबनी पुलिस ने निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिया।
Source link
एसएसपी ने शव बोरे में मिलने की खबर गलत बताई:बाबूबरही में 12 नवंबर को मिली थी डेड बॉडी; हत्या की जांच के लिए एसआईटी गठित
