![]()
दरभंगा में मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने के लिए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान शुरू हो गया है। अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर चलने वाले इस अभियान में 18 से 19 वर्ष के युवाओं, अब तक छूटे पात्र लोगों और महिला मतदाताओं के नाम जोड़ने पर विशेष जोर रहेगा। मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और विवरण में सुधार के लिए 11 दिसंबर तक दावा-आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी। इसको लेकर शुक्रवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम कौशल कुमार की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक हुई। डीएम ने सभी दलों से अपने स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने और नए मतदाताओं का नाम सूची में जुड़वाने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने खासकर महिला मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने और जिले के मतदाता लिंगानुपात में सुधार के लिए प्रयास करने को कहा। साथ ही सभी मतदान केंद्रों पर बूथ स्तरीय अभिकर्ता (बीएलए) की नियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जिले में 29.29 लाख मतदाता, लिंगानुपात 899 निर्वाचन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 12 नवंबर 2026 तक जिले में कुल 29 लाख 29 हजार 941 मतदाता हैं। इनमें 15 लाख 42 हजार 510 पुरुष, 13 लाख 87 हजार 402 महिला और 29 अन्य श्रेणी के मतदाता शामिल हैं। जिले का मतदाता लिंगानुपात 899 है। यानी हर 1,000 पुरुष मतदाताओं पर 899 महिला मतदाता हैं। वहीं, 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 13,689 मतदाता हैं। जिले में कुल 3,329 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। 11 दिसंबर तक दावा-आपत्ति, 4 जनवरी को अंतिम सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत 12 नवंबर को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की गई है। इसमें नाम जोड़ने, हटाने और विवरण में सुधार के लिए 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक आवेदन और दावा-आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है। प्राप्त दावों और आपत्तियों का निपटारा 18 दिसंबर तक किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची जारी होगी। अभियान के दौरान विशेष अभियान दिवस भी तय किए गए हैं। इसके तहत 21 और 22 नवंबर तथा 5 और 6 दिसंबर को सभी बूथ स्तरीय पदाधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने मतदान केंद्रों पर मौजूद रहेंगे। संबंधित मतदान केंद्रों वाले भवन भी खुले रहेंगे, ताकि लोग वहां पहुंचकर आसानी से आवेदन और दावा-आपत्ति दर्ज करा सकें। नाम जोड़ने और सुधार के लिए अलग-अलग फॉर्म बैठक में मतदाता सूची से जुड़े आवेदनों की जानकारी भी दी गई। नए मतदाता के रूप में नाम जुड़वाने के लिए प्रपत्र-6 भरना होगा। विदेश में रहने वाले भारतीय नागरिकों के लिए प्रपत्र-6क निर्धारित है। मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए प्रपत्र-7 और पता बदलने, नाम-पता सहित अन्य विवरण में सुधार, ईपिक बदलने या दिव्यांग मतदाता के रूप में चिह्नित कराने के लिए प्रपत्र-8 भरना होगा। डीएम ने स्पष्ट किया कि प्रपत्र-7 के जरिए किसी मतदाता का नाम बिना निर्धारित कानूनी प्रक्रिया पूरी किए नहीं हटाया जाएगा। इसके लिए निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी या सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी की ओर से नोटिस जारी किया जाएगा। संबंधित व्यक्ति को नोटिस तामील कराने और उचित आदेश पारित होने के बाद ही नाम हटाने की प्रक्रिया पूरी होगी। 2027 की तीन अन्य अर्हता तिथियों पर भी आवेदन का मौका बैठक में बताया गया कि 1 जनवरी 2027 के अलावा 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर 2027 की अर्हता तिथियों के आधार पर भी मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए अग्रिम आवेदन किया जा सकता है। वहीं, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी के निर्णय से असंतुष्ट व्यक्ति 15 दिनों के भीतर जिला निर्वाचन पदाधिकारी के समक्ष अपील कर सकता है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी के निर्णय से असंतुष्ट होने पर 30 दिनों के भीतर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के समक्ष अपील करने का प्रावधान है। भाजपा के 1769 और राजद के 241 बीएलए-2 का अनुमोदन लंबित बैठक में राजनीतिक दलों की ओर से बूथ स्तरीय अभिकर्ताओं की नियुक्ति की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि भाजपा की ओर से 1,769 और राजद की ओर से 241 बीएलए-2 से जुड़े आवेदनों की ऑनलाइन प्रविष्टि कराई गई है। हालांकि, नियुक्ति से संबंधित जरूरी प्रपत्र और सूची कार्यालय में जमा नहीं किए जाने के कारण इनका अनुमोदन लंबित है। डीएम ने सभी राजनीतिक दलों से मतदान केंद्रों की संख्या के अनुसार नए निर्धारित प्रपत्र में बीएलए नियुक्त कर सूची उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। राजनीतिक दलों के बीएलए को मतदाताओं से भरे हुए प्रपत्र एकत्र कर प्रतिदिन अधिकतम 10 आवेदन (प्रपत्र-6, 7 और 8) जमा करने की अनुमति भी दी गई है। इसके अलावा निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी विधानसभा स्तर पर हर सप्ताह राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। इन बैठकों में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के लिए मिले आवेदनों की सूची उपलब्ध कराई जाएगी। बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेश कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी आशीष अमन सहित भाजपा, राजद, कांग्रेस और अन्य मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद थे।
Source link
दरभंगा:29.29 लाख मतदाता, 11 दिसंबर तक नाम जोड़ने का मौका:4 जनवरी 2027 को जारी होगी अंतिम सूची, जिले में मतदाता लिंगानुपात 899
