कल से लोक आस्था का महापर्व छठ की शुरुआत हो रही है। छठ को लेकर राजधानी पटना के गंगा घाटों और तालाब-पार्क स्थित पूजा स्थलों की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। नगर निगम क्षेत्र के 92 गंगा घाटों और 66 तालाबों में छठ व्रती अर्घ्य देंगी।
.
दीघा और कलेक्ट्रेट घाट पर सबसे बड़े पूजा क्षेत्र तैयार किए जा रहे हैं। दीघा में करीब 3 किमी. क्षेत्र में घाट को विकसित किया जा रहा है, जबकि कलेक्ट्रेट घाट पर लगभग 1 किमी क्षेत्र पूजा के लिए तैयार किया गया है। व्रतियों की सुविधा के लिए घाटों पर बैरिकेडिंग, शौचालय, चेंजिंग रूम, पेयजल और रात्रि विश्राम के लिए शेड की व्यवस्था की जा रही है।
बांस-बल्ले से डबल लेयरिंग और क्रॉस बैरिकेडिंग की जा रही
घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए बांस-बल्ले से डबल लेयरिंग और क्रॉस बैरिकेडिंग की जा रही है। इसके साथ ही बैरिकेडिंग में नेट लगाने का भी निर्देश दिया गया, ताकि श्रद्धालु अनजाने में गहरे पानी की ओर न जा सकें। इसे लेकर काम अंतिम चरण में है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए घाटों पर प्रवेश और निकासी के अलग-अलग रास्ते बनाए जा रहे हैं।

दीघा घाट तक पहुंचने के लिए अलग-अलग रूट
दीघा घाट आने वाले निजी वाहन अशोक राजपथ से गेट नंबर 83, 88 और 92-93 होकर जेपी गंगा पथ के उत्तरी छोर तक पहुंचेंगे। यहां गंगा किनारे पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। अटल पथ और पाटलिपथ से आने वाले वाहन जेपी सेतु के नीचे से होकर पूरब दिशा में पार्क किए जाएंगे। जेपी सेतु के पश्चिम में शिवा घाट, पाटीपुल घाट और मीनार घाट समेत पूरब दिशा के घाटों पर भी सुरक्षा इंतजाम पूरे किए जा रहे हैं।

कलेक्ट्रेट घाट पर 1 किमी. में पूजा क्षेत्र
कलेक्ट्रेट घाट पर करीब एक किमी. क्षेत्र को छठ पूजा के लिए तैयार किया गया है। वाहन से आने वाले श्रद्धालु गांधी मैदान-गोलघर स्थित प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय के सामने से जेपी गंगा पथ होते हुए घाट तक पहुंचेंगे।
घाट से पहले बने कच्चे अप्रोच रोड के पास पार्किंग की व्यवस्था की गई है। पैदल आने वाले श्रद्धालु कलेक्ट्रेट और महेंद्र रिवर फ्रंट से अप्रोच रोड के जरिए करीब 1.5 किमी. की दूरी तय कर घाट तक पहुंच सकेंगे।


240 जगहों पर 3 हजार जवान संभालेंगे सुरक्षा
छठ के दौरान सुरक्षा और विधि-व्यवस्था के लिए 240 स्थानों पर मजिस्ट्रेट के साथ 500 से अधिक पुलिस अधिकारी और करीब 3000 जवान तैनात रहेंगे। गंगा घाटों और प्रमुख पहुंच मार्गों पर 103 मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।
वहीं, 48 प्रमुख तालाबों और शहरी पार्कों में बने पूजा स्थलों पर 58 मजिस्ट्रेट पुलिस बल के साथ मौजूद रहेंगे। पीएमसीएच, एनएमसीएच और आईजीआईएम में आपातकालीन व्यवस्था के लिए तीन मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। बड़े घाटों पर कंट्रोल रूम भी बनाए जा रहे हैं।

खतरनाक घाटों और रास्तों को लाल कपड़े से घेर दिया गया है।
66 तालाब-पार्क घाटों पर करीब 6 लाख श्रद्धालु
गंगा घाटों की दूरी और भीड़ को देखते हुए इस बार बड़ी संख्या में व्रतियों का रुझान नजदीकी तालाबों और पार्कों की ओर है। 28 पार्कों में जलकुंड तैयार किए गए हैं, जबकि 38 तालाबों पर बैरिकेडिंग, सुरक्षा और रोशनी की व्यवस्था की गई है।
तालाबों से गाद हटाने के साथ पानी को संक्रमणमुक्त रखने के लिए ब्लीचिंग पाउडर, चूना और जैविक रसायनों का छिड़काव किया जा रहा है। इन 66 तालाब और पार्क घाटों पर करीब 6 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है।





गंगाजल से भरे जाएंगे जलकुंड
पहले अर्घ्य से पहले पार्कों के जलकुंडों में गंगाजल डाला जाएगा। पूजा के लिए अलग से गंगाजल की जरूरत वाले श्रद्धालुओं को भी तालाब परिसर में टैंकर के माध्यम से गंगाजल उपलब्ध कराया जाएगा। इससे दूर के गंगा घाटों पर जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या कम करने में मदद मिलेगी।

घाटों पर वॉच टावर के जरिए नजर रखी जाएगी।
चार घाट खतरनाक घोषित किए गए
घाटों के निरीक्षण के बाद एलसीटी, पहलवान, बिंद टोली (जेपी सेतु पश्चिमी) और राजापुर पुल घाट को खतरनाक घोषित किया गया है। इन घाटों पर व्रतियों को गंगा में उतरकर अर्घ्य देने की अनुमति नहीं होगी। सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग कर श्रद्धालुओं को गहरे और असुरक्षित पानी तक जाने से रोका गया है।
आस्था और सुविधा को देखते हुए एलसीटी और पहलवान घाट पर वैकल्पिक व्यवस्था के तहत कृत्रिम तालाब बनाए जा रहे हैं। यहां व्रती सुरक्षित पानी में खड़े होकर भगवान भास्कर को अर्घ्य दे सकेंगे।
टीएन बनर्जी और मिश्री घाट भी अनुपयुक्त
टीएन बनर्जी और मिश्री घाट को भी अनुपयुक्त घोषित किया गया है। इन दोनों घाटों पर गहरे पानी के बजाय गंगा का जलस्तर पीछे हटना, घाट तक पहुंचने की अधिक दूरी और गाद का जमाव परेशानी का कारण है। प्रशासन के सामने अब घाटों के संपर्क रास्तों की मरम्मत, जलजमाव हटाने, कचरा साफ करने और दलदली मिट्टी को दुरुस्त करने की चुनौती है।
