![]()
दरभंगा के बिरौल थाना क्षेत्र के पड़री गांव में दीपावली की शाम हुए चर्चित काशीकांत ठाकुर हत्याकांड में मृतक की पत्नी मीरा देवी के आवेदन पर बिरौल थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले में गांव के ही कुमोद ठाकुर को नामजद आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने कांड संख्या 792/26 दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इधर, मंगलवार को सिटी एसपी अशोक कुमार चौधरी ने स्वयं घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की और अनुसंधानकर्ता को कई अहम निर्देश दिए। लक्ष्मी पूजा का प्रसाद खाते समय बरसाईं गोलियां मृतक की पत्नी मीरा देवी ने आवेदन में बताया है कि 8 नवंबर की शाम करीब सात बजे उनके पति काशीकांत ठाकुर (55) घर के आंगन स्थित बरामदे में चौकी पर बैठे थे। वह लक्ष्मी पूजा का प्रसाद लेकर पति को देने गईं। पति प्रसाद खाना शुरू ही किए थे कि इसी दौरान गांव का कुमोद ठाकुर हाथ में रिवॉल्वर लेकर आंगन में घुस आया और ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगा। गोली लगने से उनके पति खून से लथपथ होकर बचाओ-बचाओ चिल्लाने लगे। गोलियां घर के दरवाजे और दीवान में भी लगीं, जिनके निशान अब भी मौजूद हैं। शोर सुनकर पड़ोसी पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी मोटरसाइकिल से पूरब दिशा की ओर फरार हो चुका था। 14 जुलाई को ही थाने में दी थी शिकायत मृतक की पत्नी ने आवेदन में पुलिस पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि आरोपी इससे पहले भी उनके पति पर जानलेवा फायरिंग कर चुका था। इस संबंध में उनके पति ने 14 जुलाई 2026 को ही बिरौल थानाध्यक्ष को लिखित आवेदन देकर सुरक्षा की गुहार लगाई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। पत्नी ने आरोप लगाया कि यदि समय रहते पुलिस कार्रवाई करती तो आज उनके पति जिंदा होते। उन्होंने घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान, आरोपी को हथियार, गोली, बुलेटप्रूफ जैकेट और हेलमेट उपलब्ध कराने वालों की जांच तथा संबंधित लोगों के मोबाइल का सीडीआर निकालने की मांग की है। साथ ही परिवार की सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात करने की भी गुहार लगाई है। घटनास्थल पर पहुंचे सिटी एसपी, छह जगह मिले गोली के निशान देखे इधर, मंगलवार को सिटी एसपी अशोक कुमार चौधरी पड़री गांव पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। बरामदे में जहां काशीकांत बैठे थे, वहां से लेकर दीवार, दरवाजे और आंगन तक गोली के करीब छह निशानों का जायजा लिया। इसके बाद मृतक के बड़े भाई प्रयाग ठाकुर और अन्य परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। सिटी एसपी ने आसपास के लोगों और ग्रामीणों से भी पूछताछ की। ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी करीब एक साल से हत्या की धमकी दे रहा था। पांच वर्ष पूर्व एक विधवा महिला के साथ मारपीट के विरोध के बाद से दोनों परिवारों के बीच रंजिश चल रही थी। घटना से पहले आरोपी के पांच-छह रिश्तेदारों के घर जाने की बात भी ग्रामीणों ने बताई। हथियार और बुलेटप्रूफ जैकेट की खरीद की भी होगी जांच जांच के दौरान सिटी एसपी ने कांड के अनुसंधानकर्ता मुकेश कुमार को पूर्व में दिए गए आवेदन पर हुई कार्रवाई की जानकारी लेने और पूरे मामले की गहराई से जांच करने का निर्देश दिया। उन्होंने आरोपी के पास से बरामद पिस्टल, 40 जिंदा कारतूस, बुलेटप्रूफ जैकेट, हेलमेट और ग्लव्स के स्रोत का पता लगाने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह गंभीर मामला है और जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आर्म्स एक्ट मामले में हिरासत में है आरोपी गौरतलब है कि घटना के बाद फरार आरोपी कुमोद ठाकुर को पुलिस ने हथियार और कारतूस के साथ पकड़ा था। फिलहाल वह बहेड़ा थाना में आर्म्स एक्ट के मामले में हिरासत में है। बहेड़ा थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने बताया कि आरोपी चोटिल है। उसे सीटी स्कैन और इलाज के लिए डीएमसीएच भेजा गया है। मौके पर एसडीओ शशांक राज और बिरौल थानाध्यक्ष सह अनुसंधानकर्ता मुकेश कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे। घटना के बाद से गांव में मातमी सन्नाटा और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
Source link
दीपावली की शाम प्रसाद खाते समय घर में घुसकर मारी:काशीकांत हत्याकांड में पत्नी के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज, पुलिस पर लापरवाही का आरोप; जांच करने पहुंचे सिटी एसपी
