Headlines

Patna IGIMS Eye Injuries | Diwali Fireworks Victims Undergo Surgery


रंजीत विशाल | पटना45 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

दीपावली के बाद भी पटाखों से आंखों में चोट लगने के मामले सामने आ रहे हैं। पटना के क्षेत्रीय चक्षु संस्थान (IGIMS) में आंखों की चोट के 63 मरीज पहुंचे हैं। इनमें 38 मरीज पटाखों से घायल हुए हैं।

चोट गंभीर होने के कारण 27 मरीजों को अस्पताल में भर्ती किया गया। इनमें 17 बच्चे हैं। कुछ मरीजों की आंखों में बारूद के कण और पटाखों के टुकड़े घुस गए। कुछ की आंखों की अंदरूनी संरचना को नुकसान पहुंचा है और सर्जरी की जरूरत पड़ रही है।

पटना के क्षेत्रीय चक्षु संस्थान (IGIMS)

पटना के क्षेत्रीय चक्षु संस्थान (IGIMS)

‘सभी मरीज को भर्ती करने की जरूरत नहीं पड़ी’

क्षेत्रीय चक्षु संस्थान के प्रमुख डॉ. विभूति प्रसन्न सिन्हा ने बताया कि सभी मरीजों को भर्ती करने की जरूरत नहीं पड़ी। दीपावाली के बाद भी पुराने और नए मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं। बुधवार शाम 4:30 बजे तक पांच मरीज इलाज के लिए आए। इनमें कुछ ऐसे मरीज भी थे, जिन्हें चोट पहले लगी थी, लेकिन वे बाद में अस्पताल पहुंचे।

पिछले साल के मुकाबले इस बार कम मामले

डॉ. सिन्हा के अनुसार, इस बार पटाखों से आंखों में चोट के मामले पिछले साल की तुलना में कम हैं। पिछले साल दिवाली से एक दिन पहले से लेकर छठ के दो दिन बाद तक आंखों की चोट के कुल 163 मामले सामने आए थे। इस बार फिलहाल मरीजों की संख्या उस स्तर तक पहुंचने की संभावना कम है। हालांकि, छठ तक पटाखे जलाए जाने के कारण नए मामले आने की आशंका बनी हुई है।

कार्बाइड गन से चोट का मामला नहीं

इस बार IGIMS में कार्बाइड गन से आंखों में चोट का कोई मामला सामने नहीं आया है। डॉ. सिन्हा के मुताबिक, लोगों में जागरूकता बढ़ने और इसकी बिक्री कम होने का असर दिख रहा है। पिछले साल कई जगह कार्बाइड गन आसानी से उपलब्ध थी। इस बार बिहार में भी इसके इस्तेमाल से जुड़ा कोई बड़ा मामला सामने नहीं आया है।

आरा से एक मामले की जानकारी मिली है। कार्बाइड गन से निकलने वाला तेज दबाव और कण आंखों को गंभीर नुकसान पहुंचा सकते हैं।

अस्पताल में मरीजों की भीड़।

अस्पताल में मरीजों की भीड़।

राजेंद्र नगर अस्पताल में मरीजों की संख्या घटी

राजेंद्र नगर नेत्र रोग अस्पताल में भी इस बार पटाखों से घायल मरीजों की संख्या में कमी आई है। अस्पताल के निदेशक डॉ. अजित कुमार द्विवेदी ने बताया कि पिछले साल पटाखों से घायल 25 मरीज अस्पताल पहुंचे थे, जबकि इस बार अब तक नौ मरीज आए हैं।

इनमें एक मरीज की हालत गंभीर थी, जबकि बाकी को सामान्य चोटें आई थीं। पिछले साल के मुकाबले मरीजों की संख्या में करीब 64% की कमी दर्ज की गई है।

फूटे पटाखे के पास जाने की न करें गलती

डॉक्टरों के मुताबिक, पटाखों से आंखों में गंभीर चोट लगने की बड़ी वजह फटे नहीं हुए पटाखों को दोबारा जलाने की कोशिश करना है। कई बार पटाखे में आग लगाने के बाद तुरंत विस्फोट नहीं होता।

लोग उसे देखने या फिर से जलाने के लिए पास पहुंच जाते हैं। इसी दौरान पटाखा अचानक फट जाता है और बारूद के कण सीधे आंखों में जा सकते हैं।

डॉ. विभूति प्रसन्न सिन्हा ने सलाह दी कि आग लगाने के बाद नहीं फूटे पटाखे को दोबारा जलाने की कोशिश बिल्कुल न करें। उससे दूरी बनाए रखें। आंख में चोट लगने पर घरेलू उपचार करने या अपने आप ठीक होने का इंतजार करने के बजाय तुरंत अस्पताल पहुंचें।

समय पर इलाज मिलने से आंख की रोशनी बचने की संभावना बढ़ जाती है। थोड़ी सी लापरवाही जिंदगीभर के लिए आंखों की रोशनी छीन सकती है।

खबरें और भी हैं…



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *