किशनगंज के ऐतिहासिक लाइन बूढ़ी काली मंदिर में आयोजित होने वाले 125वें काली पूजा मेले की तैयारियों के लिए बिहार सरकार ने 2 लाख 75 हजार रुपए की राशि स्वीकृत की है।
.
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल की ओर से वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत मेले के आयोजन और आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए प्रशासनिक एवं वित्तीय मंजूरी दी गई है।
मेले की व्यवस्था पर ही खर्च होगी राशि
विभाग की ओर से जारी स्वीकृति आदेश के अनुसार, आवंटित राशि का इस्तेमाल केवल काली पूजा मेला-2026 के आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं और विभिन्न मदों में किया जा सकेगा।
राशि की निकासी और खर्च की जिम्मेदारी संबंधित समाहर्ता, अपर समाहर्ता और निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी की होगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि स्वीकृत राशि का किसी दूसरे कार्य में उपयोग नहीं किया जा सकेगा।



तीन महीने में देना होगा उपयोगिता प्रमाण पत्र
सरकारी आदेश के मुताबिक, राशि का आवंटन सीएफएमएस 2.0 के माध्यम से किया जाएगा। इसके खर्च की प्रक्रिया वित्त विभाग के दिशा-निर्देशों और विभागीय प्रावधानों के अनुसार पूरी करनी होगी।
आवंटित राशि के उपयोगिता प्रमाण पत्र भी तीन महीने के भीतर विभाग को उपलब्ध कराने होंगे।
धार्मिक महत्व रखता है मंदिर
लाइन बूढ़ी काली मंदिर किशनगंज के प्रमुख ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों में शामिल है। यहां हर साल काली पूजा के अवसर पर मेला आयोजित किया जाता है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। 125वें मेले के आयोजन के लिए सरकारी राशि स्वीकृत होने से आयोजन से जुड़ी तैयारियों और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
स्वीकृति आदेश की प्रतिलिपि पूर्णिया प्रमंडल के आयुक्त, किशनगंज के समाहर्ता और संबंधित कोषागार पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।
