![]()
ब्लैक कैट कमांडो की मशहूर काली वर्दी अब बदलने जा रही है। वजह है- भयंकर गर्मी। नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (NSG) ने अपने VIP सुरक्षा में लगे कमांडो के लिए नई ब्रीदेबल यानी सांस लेने वाली यूनिफॉर्म बनाने की सिफारिश की है। ये यूनिफॉर्म नायको कपड़े से बनेगी, जिसमें नायलॉन और कॉटन होता है। यह कपड़ा हवा और नमी को आसानी से बाहर निकलने देता है। अप्रैल में विजयवाड़ा में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की सुरक्षा में तैनात कमांडो करीब 44 डिग्री तापमान में बेहोश हो गया था। इसके बाद ही यह फैसला लिया गया। NSG को उम्मीद है कि पांच राज्यों में विधानसभा चुनावों की घोषणा तक कमांडो नई यूनिफॉर्म पहनने लगेंगे। विजयवाड़ा में कमांडो को आया था हीटस्ट्रोक NSG के सूत्रों ने बताया कि अप्रैल 2026 में हुई एक घटना के बाद नई यूनिफॉर्म का फैसला लिया गया। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की सुरक्षा में तैनात एक NSG कमांडो ड्यूटी के दौरान ही बेहोश होकर गिर गया। उस दिन विजयवाड़ा में तापमान लगभग 44 डिग्री था। कमांडो ने काली ओवरऑल यूनिफॉर्म के ऊपर 6 किलो की बुलेटप्रूफ जैकेट पहन रखी थी। सिर पर काली बेरेट थी और कमर पर छोटे हथियार लगे थे। कमांडो को हीटस्ट्रोक और थकान हुई। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। NSG की क्लोज प्रोटेक्शन फोर्स के कमांडरों और मुख्यालय के विशेषज्ञों ने घटना को गंभीरता से लिया। उन्होंने माना कि बढ़ती गर्मी और तापमान VIP सुरक्षा टीमों पर शारीरिक असर डाल रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, काली ओवरऑल यूनिफॉर्म बहुत ज्यादा गर्मी सोखती है। इसके अलावा कमांडो काला चश्मा और संचार उपकरण भी साथ रखते हैं। इससे गर्मी में उनकी परेशानी बढ़ जाती है। कोबरा कमांडो भी पहनते हैं नायको से बनी यूनिफॉर्म नायको नायलॉन और कॉटन से बना कपड़ा है। यह हवा और नमी की भाप को आसानी से बाहर निकलने देता है। इससे शरीर ठंडा रहता है। CRPF के कोबरा कमांडो भी नायको की यूनिफॉर्म पहनते हैं। कोबरा कमांडो जंगलों में युद्ध अभियान के लिए विशेषज्ञ होते हैं। उन्हें कई बार तेज धूप और उमस में काम करना पड़ता है। नई यूनिफॉर्म के कपड़े का ट्रायल हो चुका है। NSG जल्द ही यह सामग्री खरीदेगा। उम्मीद है कि पांच राज्यों में विधानसभा चुनावों की घोषणा तक NSG कमांडो नई यूनिफॉर्म पहनने लगेंगे। इन चुनावों के प्रचार अभियान में NSG की सुरक्षा वाले कई VIP शामिल होंगे। नौ Z-plus VIP की सुरक्षा करता है NSG NSG फिलहाल Z-plus श्रेणी के नौ VIP की सुरक्षा करता है। इनमें आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती शामिल हैं। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, BJP के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी और केंद्रीय जहाजरानी मंत्री सरबानंद सोनोवाल भी इस सूची में हैं। इसके अलावा छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह, जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव आजाद पार्टी के अध्यक्ष गुलाम नबी आजाद भी NSG की सुरक्षा में हैं। नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला भी NSG की सुरक्षा वाले नौ VIP में शामिल हैं।
Source link
NSG कमांडो की यूनिफॉर्म बदलेगी:44°C तापमान में जवान के बेहोश होने के बाद फैसला; 5 राज्यों में चुनाव से पहले मिल सकती है नई वर्दी
