नगर विकास एवं आवास विभाग के तत्वावधान में परामर्शी एजेंसी की ओर से तैयार किए गए बिहारशरीफ मास्टर प्लान 2047 के तकनीकी अध्ययन में शहर के आर्थिक, औद्योगिक और पर्यावरणीय परिदृश्य का व्यापक विश्लेषण सामने आया है।
.
स्टडी के अनुसार, जिले का प्रमुख शहरी केंद्र होने के बावजूद बिहारशरीफ की अर्थव्यवस्था अब भी कृषि आधारित गतिविधियों और लघु-मध्यम उद्यमों पर अत्यधिक टिकी हुई है। रामचंद्रपुर स्थित बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार के 10.6 एकड़ विकसित क्षेत्र में फूड प्रोसेसिंग, टेक्सटाइल, आईटी और सामान्य विनिर्माण की इकाइयां कार्यरत हैं, जहां लगभग 18 करोड़ रुपये के निवेश से सैकड़ों लोगों को रोजगार मिल रहा है।
वहीं दूसरी ओर, 9.9 हेक्टेयर में फैला नालंदा डेयरी संयंत्र प्रतिदिन चार लाख लीटर दूध प्रसंस्करण और मिल्क पाउडर व मक्खन उत्पादन के जरिए ग्रामीण अर्थव्यवस्था की जीवनरेखा बना हुआ है।
हालांकि, रेड श्रेणी का यह भारी उद्योग घनी आबादी से घिरे होने और आवश्यक 200 मीटर के ग्रीन बफर जोन के अभाव के कारण गंभीर पर्यावरणीय चिंताएं भी पैदा कर रहा है, जिसके निवारण के लिए नए मास्टर प्लान में व्यापक हरित पट्टी और वैज्ञानिक बहिस्राव शोधन का कड़ा प्रावधान किया गया है।

बाबन बूटी को नई पहचान मिलने का दावा किया गया है।
बावन बूटी साड़ी और मोरातालाब जूता उद्योग को वैश्विक पहचान दिलाने की पहल
मास्टर प्लान में स्थानीय पारंपरिक कला और विनिर्माण को वैश्विक पटल पर स्थापित करने की विस्तृत रूपरेखा पेश की गई है। बौद्ध प्रतीकों पर आधारित 400 साल पुरानी बावन बूटी साड़ी बुनाई कला, जिसे जीआई टैग और पद्मश्री सम्मान मिल चुका है, उसे बिचौलियों और पावरलूम की मार से उबारने के लिए बसवन बिगहा में विशेष ‘हैंडलूम विलेज’ विकसित करने का प्रस्ताव रखा गया है।
यहां बुनकरों के लिए डिजाइन सेंटर, सामान्य सुविधा केंद्र, क्राफ्ट म्यूजियम और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म तैयार किए जाएंगे। इसी क्रम में मोरातालाब के पारंपरिक जूता-चप्पल क्लस्टर, जहां वर्तमान में 35 इकाइयां करीब 2.52 करोड़ रुपये के वार्षिक कारोबार में जुटी हैं, आधुनिक तकनीक, परीक्षण लैब, संस्थागत ऋण और निर्यात सुविधाओं से लैस ‘लेदर एंड फुटवियर पार्क’ स्थापित कर इस पूरे क्षेत्र को एक संगठित ब्रांड के रूप में नई ऊंचाई देने की योजना तैयार की गई है।

कानफोड़ू शोर और प्रदूषित हवा सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है।
पेयजल सुरक्षित, लेकिन हवा और कानफोड़ू शोर से बढ़ रही चिंता
पर्यावरणीय स्वास्थ्य के स्तर पर आयोजना क्षेत्र में विरोधाभासी तस्वीर सामने आई है। जल जीवन मिशन के सर्वेक्षण के तहत योजना क्षेत्र के सभी 21 प्रमुख गांवों का भूगर्भ जल पीने योग्य और सुरक्षित पाया गया है, जबकि 11 गांवों में टीडीएस का स्तर थोड़ा अधिक होने के बावजूद स्वीकार्य मानकों के भीतर है।
इसके विपरीत, शहर की वायु गुणवत्ता लगातार चिंता का सबब बनी हुई है, जहां धूल और धुआं पैदा करने वाले पार्टिकुलेट मैटर (पीएम 10 और पीएम 2.5) मानक स्तरों से लगातार कई गुना अधिक दर्ज हो रहे हैं। वर्ष 2022 से 2025 के बीच शहर का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक मध्यम से अस्वस्थ श्रेणी में झूलता रहा है।
ध्वनि प्रदूषण की स्थिति और भी भयावह है, जहां अस्पताल और शैक्षणिक संस्थानों जैसे साइलेंस जोन में 50 डेसिबल की जगह 68 डेसिबल से अधिक और आवासीय-व्यावसायिक इलाकों में 82 डेसिबल तक का असहनीय शोर दर्ज किया गया है, जो शहरी जीवन की गुणवत्ता को बुरी तरह प्रभावित कर रहा है।

जलमीनार का निर्माण हो रहा है।
भूकंपीय जोन-4 की संवेदनशीलता और अनियंत्रित जलजमाव पर आपदा प्रबंधन का पहरा
प्राकृतिक आपदाओं के जोखिम का विश्लेषण करते हुए रिपोर्ट में बताया गया है कि बिहारशरीफ अत्यंत संवेदनशील ‘भूकंपीय जोन-IV’ में स्थित है, जहां पिछले दस वर्षों के दौरान चार से अधिक तीव्रता के 445 झटके दर्ज किए गए हैं।
वर्ष 1934 के विनाशकारी भूकंप के ऐतिहासिक सबक और बिना मानक बने पुराने भवनों की सघनता को देखते हुए भविष्य के सभी निर्माणों में अनिवार्य भूकंपरोधी तकनीक लागू करने की सिफारिश की गई है।
दूसरी ओर, भारी मानसूनी बारिश के दौरान जल निकासी व्यवस्था ध्वस्त होने और प्राकृतिक जलधाराओं के अतिक्रमण के चलते नगर निगम के वार्ड 4, 5, 7, 8, 14, 19, 20, 21, 47, 48, 50 और 51 गंभीर जलभराव व बाढ़ जैसी स्थिति की चपेट में आ जाते हैं।
इसके अलावा संकरी गलियों और सघन व्यापारिक बसावट वाले एक दर्जन से अधिक वार्डों को अग्निकांड के प्रति अति-संवेदनशील मानते हुए नए मास्टर प्लान में पंचाने नदी के साथ व्यापक ग्रीन बफर, नए स्टॉर्म वाटर ड्रेन, अतिरिक्त फायर सब-स्टेशनों और सुनियोजित जोनिंग नियमों के सख्त क्रियान्वयन पर जोर दिया गया है।
