![]()
पटना नगर निगम द्वारा हाल ही में म्युनिसिपल बॉन्ड जारी कर 200 करोड़ जुटाए गए थे। इस बॉन्ड की लिस्टिंग NSE में भी हो गई है। बिहार के पहले म्युनिसिपल बॉन्ड की लिस्टिंग को लेकर आज एक विशेष समारोह आयोजित किया गया है। इसमें मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और विजेंद्र प्रसाद यादव के साथ मंत्री नीतीश मिश्रा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। राशि से शहर में 15 बड़ी विकास योजनाएं शुरू की जाएंगी इस कार्यक्रम में म्युनिसिपल बॉन्ड के जरिए निकाय को मिलने वाले वित्तीय लाभ, राजस्व बढ़ाने और नगर निगम को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने पर चर्चा होगी। बॉन्ड से जुटाई गई राशि से शहर में 15 बड़ी विकास योजनाएं शुरू की जाएंगी। इन परियोजनाओं में वेंडिंग जोन, कमर्शियल कॉम्प्लेक्स, होटल, पार्किंग, कम्युनिटी हॉल और मैरिज हॉल समेत अन्य निर्माण शामिल हैं। नगर निगम के मुताबिक, इन योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा और अधिकांश परियोजनाएं वर्ष 2027 तक तैयार हो जाएंगी। बॉन्ड पर 9.20 प्रतिशत सालाना ब्याज मिलेगा शुक्रवार को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के प्लेटफॉर्म पर बॉन्ड की लिस्टिंग प्रक्रिया पूरी की गई थी। बॉन्ड पर 9.20 प्रतिशत सालाना ब्याज मिलेगा। नगर निगम ने बॉन्ड का आधार निर्गम आकार 100.03 करोड़ रुपये रखा था, लेकिन निवेशकों ने इसमें दोगुने से अधिक की रुचि दिखाई। निगम के अनुसार, इसे 205 करोड़ रुपये से अधिक की निवेश मांग मिली। बॉन्ड को इंडिया रेटिंग्स एंड रिसर्च ने ‘IND AA/Stable’ और एक्यूइट रेटिंग्स एंड रिसर्च ने ‘ACUITE AA/Stable’ रेटिंग दी है। यह रेटिंग वित्तीय दायित्वों को समय पर पूरा करने की मजबूत क्षमता को दर्शाती है। छह अंचलों में तैयार होंगे वेंडिंग जोन नगर निगम की प्रस्तावित योजनाएं पाटलिपुत्र, नूतन राजधानी, कंकड़बाग, बांकीपुर, अजीमाबाद और पटना सिटी अंचल के अलग-अलग वार्डों में विकसित की जाएंगी। इन परियोजनाओं पर कुल करीब 261.84 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। निर्माण कार्य एनबीसीसी के माध्यम से कराया जाएगा। परियोजना के तहत ग्राउंड फ्लोर और एक मंजिल वाले भवन करीब छह महीने में तैयार किए जाएंगे, जबकि इससे अधिक मंजिल वाले भवनों को बनाने में करीब 12 महीने लगेंगे। निगम प्रशासन का लक्ष्य है कि सभी प्रस्तावित निर्माण कार्य वर्ष 2027 तक पूरे कर लिए जाएं। एनआईटी मोड़ का वेंडिंग जोन सबसे महंगा प्रस्तावित 15 योजनाओं में सबसे अधिक करीब 103.20 करोड़ रुपये बांकीपुर अंचल की चार परियोजनाओं पर खर्च किए जाएंगे। इनमें वार्ड-49 स्थित एनआईटी मोड़ के पास प्रस्तावित वेंडिंग जोन सबसे बड़ी परियोजना है। इसकी अनुमानित लागत करीब 43.80 करोड़ रुपये है। वहीं वार्ड-53 में गायघाट के पास बनने वाला ग्राउंड फ्लोर वेंडिंग जोन करीब 2.31 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होगा। फुटपाथ दुकानदारों को मिलेगा व्यवस्थित बाजार इन परियोजनाओं का प्रमुख उद्देश्य सड़क और फुटपाथ पर बेतरतीब तरीके से दुकान लगाने वाले वेंडर्स को व्यवस्थित जगह उपलब्ध कराना है। वेंडिंग जोन बनने से दुकानदारों को स्थायी और सुविधाजनक स्थान मिलेगा, वहीं सड़कों और फुटपाथों पर अतिक्रमण का दबाव भी कम करने में मदद मिलेगी। योजनाओं से निगम की आय बढ़ाने की तैयारी नगर निगम इन परियोजनाओं को केवल सुविधा उपलब्ध कराने के लिए ही नहीं, बल्कि राजस्व बढ़ाने के माध्यम के रूप में भी विकसित करेगा। वेंडिंग जोन, कमर्शियल कॉम्प्लेक्स, होटल, पार्किंग और मैरिज हॉल से होने वाली आय का इस्तेमाल बॉन्ड की ब्याज देनदारी समेत अन्य खर्चों को पूरा करने में किया जाएगा। बोरिंग रोड से राजापुर पुल तक पार्किंग और वेंडिंग शॉप, शेखपुरा मोड़ पर होटल समेत कई स्थानों पर निर्माण प्रस्तावित है।
Source link
बिहार के पहले म्युनिसिपल बॉन्ड की NSE में लिस्टिंग:पटना नगर निगम ने जुटाए 200 करोड़; आज विशेष समारोह में सीएम सम्राट होंगे शामिल
