गोपालगंज में सोमवार को सोमवती अमावस्या का पर्व श्रद्धा और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया।
.
इस अवसर पर सुहागिन महिलाओं ने सुबह स्नान कर नए वस्त्र धारण किए और पति की लंबी उम्र, अखंड सौभाग्य तथा परिवार की सुख-शांति और समृद्धि के लिए पूजा-अर्चना की।
जिले के शहरी और ग्रामीण इलाकों में मंदिरों और पीपल के पेड़ों के पास सुबह से ही महिलाओं की भीड़ जुटी रही।
पीपल के पेड़ की पूजा कर की परिक्रमा
हिंदू धर्म में सोमवती अमावस्या का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। इस दिन स्नान, दान-पुण्य और पीपल के वृक्ष की पूजा करने की परंपरा है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, पीपल के पेड़ में ब्रह्मा, विष्णु और महेश का वास होता है।
इसी आस्था के साथ महिलाओं ने रोली, अक्षत, धूप, दीप, फल, मिठाई और कलावा से पीपल की पूजा की। इसके बाद वृक्ष के चारों ओर कच्चा धागा लपेटकर 108 बार या अपनी श्रद्धा के अनुसार परिक्रमा की।


अमावस्या की कथा सुनकर की परिवार के कल्याण की कामना
पूजा के दौरान महिलाओं ने भगवान विष्णु से परिवार के कल्याण और पति के दीर्घायु जीवन की प्रार्थना की। कई स्थानों पर महिलाओं ने समूह में बैठकर सोमवती अमावस्या की कथा भी सुनी।
इस दौरान हर-हर महादेव और भगवान विष्णु के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा।
पूजा के बाद किया अन्न-वस्त्र का दान
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, अमावस्या के दिन गरीबों और जरूरतमंदों को दान देने का विशेष महत्व है।
पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं ने अन्न, वस्त्र और फल का दान किया। पर्व को लेकर बाजारों में भी सुबह से चहल-पहल रही। पूजन सामग्री और फल-फूल की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ नजर आई।
