![]()
समस्तीपुर। दीपावली की रात समस्तीपुर और आसपास के इलाकों में लोगों ने जमकर आतिशबाजी की। इसका असर हवा की गुणवत्ता पर भी देखने को मिला। पटाखों से निकले धुएं और प्रदूषण के कारण समस्तीपुर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) दीपावली की रात करीब 11 बजे बढ़कर 967 तक पहुंच गया। दीपावली की शाम करीब 5 बजे शहर का AQI महज 167 रिकॉर्ड किया गया था। यानी कुछ ही घंटों में वायु गुणवत्ता में भारी गिरावट दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिक डॉ. अब्दुल सत्तार ने बताया कि AQI में अचानक हुई बढ़ोतरी की मुख्य वजह दीपावली की रात बड़े पैमाने पर की गई आतिशबाजी है। पटाखों से निकलने वाले धुएं और हानिकारक कणों ने वातावरण को बुरी तरह प्रभावित किया। हालांकि, रात के बाद सुबह होते ही वायु गुणवत्ता में सुधार देखने को मिला। सोमवार सुबह 8 बजे समस्तीपुर का AQI घटकर 316 पर पहुंच गया। अनुमंडल मुख्यालयों में भी बढ़ा AQI दीपावली की रात जिले के अन्य अनुमंडल मुख्यालयों में भी आतिशबाजी के कारण वायु प्रदूषण बढ़ा। जिला मुख्यालय से करीब 24 किलोमीटर दूर दलसिंहसराय में AQI 168 रिकॉर्ड किया गया। वहीं, करीब 40 किलोमीटर दूर पटोरी अनुमंडल मुख्यालय में यह आंकड़ा 187 रहा। समस्तीपुर से करीब 30 किलोमीटर दूर रोसड़ा अनुमंडल मुख्यालय में दीपावली की रात AQI 165 दर्ज किया गया। इस तरह दीपावली की रात जिले के विभिन्न इलाकों में आतिशबाजी का असर हवा की गुणवत्ता पर साफ तौर पर दिखाई दिया।
Source link
समस्तीपुर- दीपावली की रात जमकर हुई आतिशबाजी:देर रात 967 पहुंचा शहर का AQI , सुबह में घटकर 316 पर आया
