कार्तिक महीने की अमावस्या पर आज रविवार को दीपावली मनाई जाएगी। इस मौके पर लोग अपने घरों, दुकानों, ऑफिस और कारखानों में मां लक्ष्मी की पूजा करेंगे। मान्यता है कि दीपावली पर मां लक्ष्मी की पूजा करने से घर में सुख-समृद्धि और धन का आगमन होता है।
.
अमावस्या तिथि आज सुबह 10:50 बजे से शुरू होकर कल यानी 9 नवंबर सोमवार को दोपहर 11:20 बजे तक रहेगी।
दीपावली पर मां लक्ष्मी और भगवान गणेश के साथ धन के देवता कुबेर और मां सरस्वती की भी पूजा की जाएगी। इसके अलावा पंचदेव, नवग्रह और मां अम्बिका का पूजन भी होगा।
दीपालली में शहर की रौनक बढ़ गई है, प्रमुख इमारत को रंग बिरंगी लाइटों से सजाया गया है। लोगों ने भी अपने घरों को रंगीन रोशनी से जगमग किया है।
देखें कुछ तस्वीरें…

रंग-बिलंगी लाइट्स से रोशन हुआ पटना शहर।

प्रमुख भवनों के अलावा सभी घर भी हुए जगमग।
सूर्य-चंद्रमा दोनों तुला राशि में हैं
ज्योतिषाचार्य राकेश झा ने बताया कि दीपावली स्वाति नक्षत्र, आयुष्मान योग और सौभाग्य योग में मनायी जाएगी। आज सूर्य-चंद्रमा दोनों ही तुला राशि में विद्यमान रहेंगे।
ग्रह-नक्षत्रों के शुभ योग और संयोग में महालक्ष्मी का पर्व सुख-समृद्धि देने वाला है। इस नक्षत्र में लक्ष्मी-गणेश की पूजा, दीपदान, निवेश, दान-पुण्य, खरीदारी और अन्य धर्म कार्य करने से जीवन पर सकारात्मक प्रभाव और सफलता की चमक बढ़ेगी।

गणेश जी नहीं आने देते कठिनाई
ज्योतिषाचार्य के अनुसार दीपावली की रात लक्ष्मी जी के साथ गणेश पूजन का धार्मिक, अध्यात्मिक, तांत्रिक और भौतिक सभी दृष्टियों से महत्वपूर्ण स्थान है।
लक्ष्मी जी प्रसन्न होकर धन-संपदा प्रदान करेंगी और उस धन को प्राप्त करने में हमें कोई भी कठिनाई या विघ्न ना आए, हमें आयुष्य प्राप्त हो, सभी कामनाओं की पूर्ति हो और सभी सिद्धियां भी प्राप्त हों, इसीलिए लक्ष्मी के साथ गणेश की पूजा का विधान है।

दिवाली पर सुरक्षा के भी इंतजाम, प्रशासन की क्या हैं तैयारियां…
मजिस्ट्रेट-पुलिस पदाधिकारियों की रहेगी तैनाती
पटना जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारी की है। जिले के सभी संवेदनशील और प्रमुख स्थानों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई है।
जिलाधिकारी कुंदन कुमार और एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा ने सभी अधिकारियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए हैं।
सभी थानाध्यक्षों को अपने इलाके में पटाखों की अवैध बिक्री और असामाजिक गतिविधियों पर नजर रखने को कहा गया है।

संवेदनशील जगहों पर दमकल की रहेंगी गाड़ियां
वहीं, अग्निशमन विभाग को भी अलर्ट पर रखा गया है। सभी अनुमंडलों के फायर स्टेशनों में दमकल गाड़ियों को पानी और जरूरी संसाधनों के साथ तैयार रखने का निर्देश दिया गया है। संवेदनशील जगहों पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी तैनात की गई हैं।
स्वास्थ्य विभाग को भी किसी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है। पीएमसीएच, एनएमसीएच, आईजीआईएमएस, एम्स और पटना सिटी के गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल समेत सभी प्रमुख अस्पतालों में डॉक्टरों और एंबुलेंस की उपलब्धता करने का निर्देश दिया गया है।

