पूर्णिया के बायसी में छठ महापर्व को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। अधिकारियों ने बिहार-बंगाल सीमा पर स्थित दालकोला चेकपोस्ट से लेकर विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया।
.
एसडीएम अभिषेक रंजन ने दालकोला चेकपोस्ट को छठ की थीम पर सजाने और बेहतर लाइटिंग के साथ स्वागत संदेश लगाने का निर्देश दिया। इससे बंगाल से बिहार में प्रवेश करने वाले लोगों को चेकपोस्ट पर ही छठ का माहौल दिखेगा।

दालकोला चेकपोस्ट पर वाहनों की होगी जांच
निरीक्षण की शुरुआत दालकोला चेकपोस्ट से हुई। एसडीएम ने जिला परिवहन और उत्पाद विभाग के चेकपोस्ट पर तैनात कर्मियों को वाहनों की सघन जांच करने का निर्देश दिया। नशीले पदार्थों के परिवहन की जानकारी मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया।
घाटों पर सफाई और बैरिकेडिंग की व्यवस्था
इसके बाद अधिकारियों ने बायसी प्रखंड के विभिन्न छठ घाटों का जायजा लिया। सभी पंचायतों में तैनात सफाई कर्मियों को घाटों और पानी के अंदर फैली गंदगी हटाने का निर्देश दिया गया। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए घाटों पर मजबूत बैरिकेडिंग और महिलाओं की सुविधा व निजता के लिए पर्याप्त चेंजिंग रूम बनाने को कहा गया।

संवेदनशील घाटों पर SDRF और गोताखोर रहेंगे तैनात
एसडीएम ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड को स्टैंडबाय पर रखा जाएगा। स्थानीय गोताखोरों को भी अलर्ट किया गया है। महानंदा नदी और मालाहिन जैसे संवेदनशील घाटों पर पानी के स्तर को देखते हुए विशेष निगरानी रखी जाएगी। इन जगहों पर जैप की टीम और प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती की जा रही है।
स्थानीय लोगों से सहयोग की अपील
प्रशासन ने स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों से छठ की तैयारियों में सहयोग करने की अपील की है। एसडीएम ने बताया कि स्थानीय स्तर पर वॉलंटियर नियुक्त किए गए हैं, जो श्रमदान कर व्यवस्था संभालेंगे। महादलित टोला सहित उन जगहों पर, जहां हाईवे से नीचे उतरने के लिए सीढ़ियां नहीं हैं, वहां सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जिलाधिकारी को प्रस्ताव भेजा जाएगा।
निरीक्षण के दौरान बायसी एसडीपीओ, डीसीएलआर, थाना प्रभारी रोशन कुमार, अंचल अधिकारी गणेश पासवान और नगर पंचायत प्रतिनिधि कुर्बान अली मौजूद रहे। एसडीएम अभिषेक रंजन ने क्षेत्रवासियों को छठ की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए पर्व को सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की।
