![]()
दरभंगा में छठ महापर्व को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को डीएम कौशल कुमार ने शहर के प्रमुख छठ घाटों और तालाबों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने घाटों की सफाई, रंग-रोगन, सुरक्षा और व्रतियों की सुविधाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। घाटों और पहुंच पथों की होगी सफाई डीएम ने केएम पोखर, मिर्जा खां तालाब, म्यूजियम घाट, दिग्घी तालाब और हराही पोखर सहित विभिन्न घाटों का निरीक्षण किया। उन्होंने घाटों के आसपास जमा कचरा और मलबा तत्काल हटाकर व्यापक सफाई कराने को कहा। घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों की सफाई और सभी प्रमुख घाटों पर दिवाली से पहले रंग-रोगन कराने का भी निर्देश दिया। गहरे घाटों पर लगेंगे लाल झंडे और चेतावनी बोर्ड हराही पोखर के पास बने गड्ढों को मिट्टी से भरकर समतल कराने का निर्देश दिया गया। डीएम ने कहा कि घाटों और पहुंच पथों के आसपास गड्ढे या असमतल जमीन नहीं रहनी चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो। सुरक्षा के लिए सभी गहरे घाटों को चिह्नित कर वहां लाल झंडे लगाने और पानी की गहराई बताने वाले चेतावनी बोर्ड व सुरक्षा संकेतक लगाने को कहा गया। महिलाओं की सुविधा और निजता के लिए प्रमुख घाटों पर पर्याप्त संख्या में चेंजिंग रूम बनाने का भी निर्देश दिया। तय समय पर पूरी हों तैयारियां डीएम ने कहा कि छठ के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाटों पर पहुंचते हैं। उनकी सुविधा, गरिमा और सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी विभाग आपसी समन्वय से तय समय-सीमा में तैयारियां पूरी करें। घाटों की सफाई, पहुंच पथ, समतलीकरण, रंग-रोगन और अन्य सुविधाओं की नियमित निगरानी भी की जाए। निरीक्षण के दौरान महापौर अंजुम आरा, उप महापौर नाजिया हसन, वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी, नगर आयुक्त गरिमा लोहिया, सदर एसडीओ कुमार गौरव सहित अन्य पदाधिकारी और कर्मी मौजूद थे।
Source link
दरभंगा- छठ घाटों पर लगेंगे लाल झंडे और चेतावनी बोर्ड:गहरे घाटों को किया जाएगा चिह्नित, महिलाओं के लिए बनेंगे चेंजिंग रूम
