![]()
शेखपुरा के बरबीघा प्रखंड स्थित सामस गांव में 20 नवंबर को विष्णुधाम महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को जिला पदाधिकारी शेखर आनंद की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। इसमें आयोजन की व्यवस्थाओं और संबंधित विभागों की जिम्मेदारियों पर चर्चा की गई। डीएम शेखर आनंद ने कहा कि विष्णुधाम मंदिर सामस जिले की धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान से जुड़ा है। महोत्सव के माध्यम से इस धरोहर और जिले की परंपराओं को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजन के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इसके साथ ही रामलीला का मंचन भी किया जाएगा। कार्यक्रमों के जरिए स्थानीय कला, संस्कृति और परंपराओं को बढ़ावा देने पर जोर रहेगा। समय पर तैयारी पूरी करने के निर्देश डीएम ने संबंधित अधिकारियों को आपसी तालमेल से समय पर तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने आयोजन स्थल की साफ-सफाई, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा, सुरक्षा, यातायात और बिजली की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। मंदिर प्रबंधन ने दिए सुझाव बैठक में मंदिर के सचिव और सदस्यों ने आयोजन से जुड़े सुझाव दिए और तैयारियों की जानकारी साझा की। जिला प्रशासन और मंदिर प्रबंधन ने आपसी समन्वय से महोत्सव आयोजित करने पर सहमति जताई। बैठक में मंदिर के सचिव और सदस्य, अपर समाहर्ता लखींद्र पासवान, डीडीसी राकेश कुमार, सिविल सर्जन डॉ. संजय कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
Source link
20 नवंबर को सामस में होगा विष्णुधाम महोत्सव:डीएम बोले-सफाई, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करें, रामलीला का भी मंचन
