Headlines

जमुई-घर में घुसकर बुजुर्ग दंपति की गला रेतकर हत्या:खून पोंछकर चाकू छोड़ा; लकड़ा गांव में अकेले रह रहे थे, पुलिस जांच में जुटी




जमुई के चकाई प्रखंड स्थित चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र के ठाड़ी पंचायत के लकड़ा गांव में अज्ञात अपराधियों ने घर में घुसकर बुजुर्ग दंपति की गला रेतकर हत्या कर दी। मृतकों की पहचान सूरज बेसरा (75) और उनकी पत्नी सांझली हंसदा (70) के रूप में हुई है। शुक्रवार देर रात हुई वारदात का पता शनिवार सुबह चला। घटनास्थल पर खून साफ किए जाने और हत्या में इस्तेमाल धारदार चाकू पोंछकर छोड़ने की बात सामने आई है। दोहरे हत्याकांड के बाद गांव में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की देर रात बुजुर्ग दंपति अपने घर में अकेले थे। इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने घर में प्रवेश कर दोनों की गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। हत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। देखें, मौके से आई तस्वीरें… खून साफ कर चाकू पोंछने का आरोप घटनास्थल से मिली जानकारी के मुताबिक, अपराधियों ने साक्ष्य मिटाने की कोशिश की। कमरे में फैले खून को कपड़े से साफ किया गया और हत्या में इस्तेमाल धारदार चाकू को भी पोंछकर वहीं छोड़ दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल से चाकू बरामद किया है। हालांकि, साक्ष्य मिटाने की कोशिश से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है। सुबह परिजनों को मिली वारदात की जानकारी दंपति के भतीजे बबलू बेसरा ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे वह स्कूल जाने की तैयारी कर रहे थे। स्नान कर घर लौटने के दौरान उनकी पत्नी रोते हुए पहुंची और बड़े चाचा-चाची के साथ अनहोनी होने की जानकारी दी। बबलू बेसरा के अनुसार, घर पहुंचने पर उन्होंने दोनों को जमीन पर पड़ा देखा। उनकी गर्दन रेती हुई थी। इसके बाद घटना की जानकारी ग्रामीणों और पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके से जुटाए साक्ष्य घटना की सूचना मिलने पर झाझा एसडीपीओ राजेश कुमार, चंद्रमंडीह थानाध्यक्ष गजेंद्र कुमार और बटिया थानाध्यक्ष सुजाता प्रसाद समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और दोनों शवों को कब्जे में लिया। ठाड़ी पंचायत के मुखिया पति मनोज हेम्ब्रम ने बताया कि गांव के मोहन मरांडी से घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने मामले के बारे में पता करने की कोशिश की। बाद में करीब 4:30 बजे पुलिस को फोन कर घटना की सूचना दी। हत्या की वजह तलाश रही पुलिस झाझा एसडीपीओ राजेश कुमार ने बताया कि लकड़ा गांव में बुजुर्ग दंपति की अज्ञात व्यक्ति ने गला रेतकर हत्या की है। शव के पास से हत्या में इस्तेमाल धारदार हथियार बरामद किया गया है। घटना बीती रात की प्रतीत हो रही है। उन्होंने कहा कि हत्या के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चला है। पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर गहन जांच कर रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *