Headlines

धनतेरस-दीपावली पर गया में बदला रहेगा ट्रैफिक रूट:8 नवंबर तक भारी वाहनों की नो-एंट्री, सुबह 11 बजे से बाजारों में सभी वाहनों पर रोक




धनतेरस और दीपावली के दौरान गया शहर में 6 से 8 नवंबर 2026 तक विशेष ट्रैफिक प्लान लागू रहेगा। इस दौरान सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक बड़े मालवाहक और भारी वाहनों के शहर में प्रवेश पर रोक रहेगी। जिला प्रशासन और यातायात पुलिस ने बाजारों में भीड़ और जाम से निपटने के लिए यह व्यवस्था की है। इस दौरान शहर के कई रास्तों पर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी, जबकि कुछ प्रमुख सड़कों पर वन-वे व्यवस्था लागू होगी। यातायात पुलिस उपाधीक्षक, गया की ओर से जारी निर्देश के अनुसार, रामशिला, सिकड़िया मोड़, घुघरीटांड़ बाईपास मोड़, बुनियादगंज बाईपास मोड़ और मुफस्सिल मोड़ पर पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। वे वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करेंगे और प्रतिबंधित वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से भेजेंगे। भारी वाहनों के लिए तय किए गए वैकल्पिक रास्ते पटना की ओर से आने वाले मालवाहक वाहन, ट्रक और पिकअप को निर्धारित वैकल्पिक रास्ते से जाना होगा। ये वाहन रामशिला मोड़ से कंडी नवादा मोड़ होते हुए मेहता पेट्रोल पंप और सिटी पब्लिक स्कूल के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। समाहरणालय गोलंबर के आगे जीबी रोड में किसी भी तरह के वाहन का प्रवेश नहीं होगा। सिकड़िया मोड़ से सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक सभी बड़े वाहनों के शहर में प्रवेश पर रोक रहेगी। मुफस्सिल मोड़ से किरानीघाट की तरफ भी बड़े वाहन नहीं जा सकेंगे। हालांकि, आकस्मिक सेवाओं से जुड़े वाहनों को प्रतिबंध से छूट दी गई है। रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों के लिए अलग रूट रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए टेम्पो परिचालन के अलग-अलग मार्ग तय किए गए हैं। सिकड़िया मोड़, रेलवे स्टेशन, मुफस्सिल, राजेंद्र आश्रम, बाईपास और गेवाल बिगहा समेत शहर के विभिन्न क्षेत्रों से स्टेशन आने-जाने वाले टेम्पो निर्धारित रास्तों से ही चलेंगे। टेम्पो चालकों को इन मार्गों का पालन करने का निर्देश दिया गया है। वहीं, शहर में आने वाले छोटे निजी वाहन 5 नंबर गेट, ओटीए और सिकड़िया मोड़ के रास्ते प्रवेश करेंगे। इससे प्रमुख बाजारों की सड़कों पर वाहनों का दबाव कम करने की कोशिश की जाएगी। इन रास्तों पर लागू रहेगी वन-वे व्यवस्था शहर में जाम से बचने के लिए कुछ प्रमुख मार्गों पर एकतरफा यातायात व्यवस्था लागू होगी। गया रेलवे स्टेशन की ओर से आने वाले वाहन बाटा मोड़ होते हुए स्वराजपुरी रोड की तरफ जाएंगे। शहीर तकिया मोड़ से गोदावरी रोड और मंगला गौरी की तरफ सीधे वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी। इस ओर जाने वाले वाहनों को शहीर तकिया मोड़ से चांद चौरा पश्चिमी, नारायण कुआं मोड़, बंगाली आश्रम और ब्रह्मसत तालाब होते हुए बाईपास के रास्ते मंगला गौरी रोड पहुंचना होगा। प्रशासन की अपील-निर्धारित रूट का करें पालन जिला प्रशासन और यातायात पुलिस ने शहरवासियों से विशेष ट्रैफिक प्लान का पालन करने की अपील की है। लोगों से प्रतिबंधित रास्तों पर वाहन नहीं ले जाने और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। प्रशासन ने बाजारों में खरीदारी के लिए जाने वाले लोगों को पहले से निर्धारित रूट की जानकारी लेने की सलाह दी है। यह व्यवस्था 6 से 8 नवंबर 2026 तक प्रभावी रहेगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *