![]()
पूर्णिया पुलिस ने सदर थाना क्षेत्र में एक तस्कर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके पास से 16 ग्राम स्मैक और 3.94 लाख रुपए नकद जब्त किए। पुलिस के मुताबिक, गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। तस्कर के बैंक खाते में 10 लाख रुपए से ज्यादा की रकम फ्रीज की गई। सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी 1 अभिनव पराशर ने बताया कि 3 नवंबर को सदर थाना अंतर्गत गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी की जा रही है। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए पूर्णिया एसएसपी के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सदर थाना क्षेत्र के जीरो माइल कब्रिस्तान टोला निवासी मोहम्मद तनवीर आलम को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से 16 ग्राम स्मैक और अवैध कारोबार से जुड़े 3,94,510 रुपए नगद बरामद किए गए। बैंक खाते भी फ्रीज
पुलिस की पूछताछ और तकनीकी अनुसंधान के दौरान आरोपी के मोबाइल फोन को खंगाला गया। मोबाइल से मिले बैंक डिटेल्स के आधार पर यह खुलासा हुआ कि उसके बैंक खाते में 10,96,779 रुपए अलग से जमा हैं।
पुलिस ने त्वरित कदम उठाते हुए इन संदिग्ध खातों को फ्रीज कराने के लिए बैंक को आधिकारिक पत्र भेज दिया है, जिससे खातों को सीज करा दिया गया है। इस प्रकार इस पूरी कार्रवाई में लगभग 14 लाख 50 हजार रुपए और 16 ग्राम स्मैक की जब्ती हुई है।
तस्कर का आपराधिक इतिहास
एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद तनवीर आलम का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है, जिसकी पुलिस बारीकी से जांच कर रही है। इसके साथ ही, एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराधियों के अवैध रूप से अर्जित किए गए प्रॉपर्टी के अटैचमेंट की कार्रवाई भी की जा रही है।
Source link
