![]()
दरभंगा में धान अधिप्राप्ति को लेकर हायाघाट प्रखंड के पैक्स अध्यक्षों और व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों में नाराजगी बढ़ गई है। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर पैक्स अध्यक्षों ने धान खरीद का बहिष्कार करने का निर्णय लिया है। सोमवार को मझौलिया में पैक्स अध्यक्षों और व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों की विशेष बैठक हुई। इसमें सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जब तक जिला प्रशासन मांगों पर वार्ता कर उचित समाधान नहीं निकालता, तब तक धान अधिप्राप्ति का बहिष्कार जारी रहेगा। मझौलिया पैक्स अध्यक्ष के आवासीय कार्यालय में आयोजित बैठक की अध्यक्षता श्रीरामपुर पैक्स अध्यक्ष भूपतिनाथ चौधरी ने की। बैठक में प्रतिनिधियों ने कहा कि सरकार की ओर से 1 नवंबर से धान अधिप्राप्ति शुरू करने का निर्देश दिया गया है, लेकिन पैक्सों की समस्याओं और मांगों को लेकर अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई है। जिला संघ की ओर से 30 अक्टूबर को प्रशासन को मांग पत्र भी सौंपा गया था, लेकिन अब तक वार्ता तक नहीं हुई है।
मिल टैगिंग से पहले समितियों की लिखित सहमति लेने की मांग बैठक में पैक्स अध्यक्षों ने पिछले साल एसएफसी की ओर से भुगतान में देरी के कारण बढ़े ब्याज की शत-प्रतिशत प्रतिपूर्ति करने की मांग उठाई। इसके साथ ही पैक्स, सहकारी बैंक और एसएफसी के बीच त्रिपक्षीय समझौता लागू करने और मिल टैगिंग से पहले समितियों की लिखित सहमति लेने की मांग की गई। प्रतिनिधियों ने मिलरों से समय पर सीएमआर की आपूर्ति करने, प्रबंधकीय अनुदान और बोरे की दरों में वृद्धि करने और परिवहन-मजदूरी की दरों को बढ़ाने की मांग भी रखी। इसके अलावा गोदामों की समुचित व्यवस्था करने और एसएफसी की ओर से सीएमआर जमा होने के 72 घंटे के भीतर भुगतान करने की मांग की गई। पैक्स अध्यक्षों ने परिवहन, मजदूरी और कमीशन सहित विभिन्न मदों की राशि पर लगी रोक हटाने और समितियों की सहमति के बिना उनके बैंक खातों से किसी प्रकार की कटौती नहीं करने की मांग भी दोहराई। बैठक में ये रहे मौजूद बैठक में श्रीरामपुर पैक्स अध्यक्ष भूपतिनाथ चौधरी ने कहा कि पैक्सों की समस्याओं का समाधान किए बिना धान अधिप्राप्ति सुचारू रूप से संचालित करना संभव नहीं है। प्रशासन को जल्द से जल्द प्रतिनिधियों के साथ वार्ता कर मांगों पर निर्णय लेना चाहिए। बैठक में मलहीपट्टी उत्तरी पैक्स अध्यक्ष दिनेश भगत, सिरनिया पश्चिमी बिलासपुर पैक्स अध्यक्ष महफूज आलम, घोषरामा के प्रतिनिधि निरंजन सिंह ‘नन्हे’, मझौलिया पैक्स अध्यक्ष अनवारूल हक, चंदनपट्टी पैक्स अध्यक्ष नेयाज अहमद, रसूलपुर पैक्स अध्यक्ष चंदन कुमार राय, सिधौली पैक्स अध्यक्ष धीरज कुमार चौधरी और मलहीपट्टी दक्षिणी के प्रबंधक अयाज अहमद समेत कई प्रतिनिधि मौजूद थे।
Source link
धान खरीद का पैक्स अध्यक्षों ने किया बहिष्कार:मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान, 30 अक्टूबर को मांग पत्र सौंपा था
