Headlines

शादी से इनकार पर शिक्षक ने छात्रा को धमकाया:प्राइवेट कोचिंग के टीचर पर छेड़छाड़ और दुष्कर्म की कोशिश का आरोप




‘तुम अगर मेरी नहीं हुई तो हम तुम्हें किसी और के भी नहीं होने देंगे। तुम्हें जहां जाना है जाओ, मेरा कुछ नहीं बिगड़ेगा।’ मोतिहारी में चकिया थाना क्षेत्र की एक B.A. की छात्रा द्वारा एक प्राइवेट कोचिंग संस्थान के शिक्षक पर लगाए गए ये आरोप हैं। छात्रा का आरोप है कि शादी से इनकार करने के बाद शिक्षक उसे लगातार परेशान कर रहा है। अलग-अलग मोबाइल नंबरों से फोन और मैसेज कर न केवल उसे, बल्कि उसके माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्यों को भी धमकियां दे रहा है। आरोप है कि विरोध करने पर उसे जबरन शादी करने, अपहरण करने, करियर बर्बाद करने और कहीं दूसरी जगह शादी नहीं होने देने की धमकी दी जा रही है। इस मामले में पीड़िता ने चकिया थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। अब वह पुलिस-प्रशासन से न्याय और सुरक्षा की गुहार लगा रही है। तीन साल पहले कोचिंग में पढ़ती थी छात्रा पीड़िता ने अपनी आपबीती बताते हुए कहा कि वह तीन वर्ष पूर्व चकिया थाना क्षेत्र के पूरन छपरा स्थित चैतन्य विद्यालय में संचालित अभ्यास कोचिंग क्लास में मैट्रिक की तैयारी करती थी। उस समय निसार आलम नाम का व्यक्ति वहां शिक्षक था। छात्रा का आरोप है कि शिक्षक की उस पर गलत नजर थी, लेकिन उस समय उसे इसकी जानकारी नहीं हो सकी। मैट्रिक की पढ़ाई पूरी कर कोचिंग से निकलने के बाद आरोपी ने किसी तरह व्हाट्सएप ग्रुप से उसका मोबाइल नंबर हासिल कर लिया। इसके बाद पढ़ाई के संबंध में जानकारी लेने के बहाने फोन करना शुरू किया। आरोपी ने छात्रा को दी धमकी शुरुआत में छात्रा ने इसे सामान्य बातचीत समझा, लेकिन कुछ दिनों बाद आरोपी ने उस पर शादी करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। छात्रा ने जब इसका विरोध किया और शादी से साफ इनकार कर दिया तो कथित शिक्षक ने उसके परिजनों को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया। पीड़िता के अनुसार, माता-पिता, भाई-बहन, दादा और अन्य रिश्तेदारों के मोबाइल पर अलग-अलग नंबरों से फोन और मैसेज भेजकर धमकियां दी जाने लगीं। आरोपी कथित तौर पर उसे अपहरण करने, उसका करियर बर्बाद करने और कहीं दूसरी जगह शादी नहीं होने देने की धमकी देने लगा। 15 जून को हुई थी पंचायत, आरोपी के भाई ने मांगी थी माफी पीड़िता ने बताया कि आरोपी की लगातार हरकतों से परेशान होकर परिवार और समाज के लोगों के स्तर पर मामले को सुलझाने का प्रयास किया गया था। इसी क्रम में 15 जून को पंचायत बुलाई गई थी। इसमें आरोपी के भाई इस्तेखार अंसारी और शहीद राजा भी मौजूद थे। पीड़िता का कहना है कि पंचायत में पंचों के सामने आरोपी पक्ष की ओर से गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी गई थी। साथ ही भविष्य में इस तरह की घटना नहीं होने का भरोसा भी दिलाया गया था। परिवार को उम्मीद थी कि पंचायत के बाद आरोपी अपनी हरकतों से बाज आएगा और छात्रा को परेशान करना बंद कर देगा। लेकिन पीड़िता का आरोप है कि पंचायत के बाद भी धमकी और दबाव का सिलसिला नहीं थमा। आरोपी लगातार शादी करने का दबाव बनाता रहा। साथ ही परिवार को धमकी दी जाती रही कि उसकी शादी कहीं नहीं होने दी जाएगी। 13 अक्टूबर को कॉलेज से लौटते समय रास्ते में घेरने का आरोप पीड़िता के मुताबिक, 13 अक्टूबर को वह चकिया स्थित एसआरएपी कॉलेज से अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान बांसघाट पुल के समीप कथित शिक्षक ने उसे रास्ते में घेर लिया। छात्रा का आरोप है कि आरोपी ने उसके साथ जबरदस्ती करने और दुष्कर्म का प्रयास किया। इस दौरान उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर उसके पिता सहित आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों को आते देख आरोपी वहां से भाग निकला। इसके बाद पीड़िता ने परिजनों के साथ चकिया थाना पहुंचकर आरोपी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई। घर से निकलना हुआ मुश्किल, मानसिक तनाव में है छात्रा पीड़िता का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद भी उसे धमकियां मिलना बंद नहीं हुआ है। आरोपी कथित तौर पर अब भी अलग-अलग माध्यमों से उसे और उसके परिवार को परेशान कर रहा है। लगातार मिल रही धमकियों के कारण उसकी पढ़ाई और सामान्य दिनचर्या प्रभावित हो गई है। छात्रा ने बताया कि अब घर से बाहर निकलने में भी डर लगता है। परिवार के लोग भी उसकी सुरक्षा को लेकर चिंतित रहते हैं। उसने कहा कि इस पूरे मामले को लेकर वह एसपी स्वर्ण प्रभात से भी न्याय की गुहार लगा चुकी है। इसके बावजूद उसे अब तक राहत नहीं मिलने का आरोप लगाया है। पीड़िता के अनुसार, आरोपी उसे धमकी देता है कि जहां जाना है जाओ, उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। इसी बात से वह और उसका परिवार भयभीत हैं। छात्रा ने पुलिस प्रशासन से आरोपी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने, अपनी सुरक्षा सुनिश्चित कराने और उसे बिना किसी भय के पढ़ाई जारी रखने का माहौल उपलब्ध कराने की मांग की है। पुलिस ने दर्ज की FIR, जांच जारी इस संबंध में चकिया थानाध्यक्ष धर्म प्रकाश ने बताया कि पीड़िता के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस की ओर से जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *