![]()
सुपौल जिले के करजाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत परमानंदपुर पंचायत के वार्ड संख्या-4 में सोमवार सुबह धान के खेत से 55 वर्षीय मजदूर का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान विद्यानंद सादा के रूप में हुई है। वह गांव में ही मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पैर गमछे से बंधे हुए थे परिजनों के अनुसार, विद्यानंद सादा रविवार रात घर में सोए हुए थे। रात करीब 3 बजे वह घर से निकले थे। सुबह करीब 5 बजे जब उनकी खोजबीन की गई तो घर से लगभग 300 मीटर की दूरी पर धान के खेत में उनका शव मिला। परिजनों ने बताया कि मृतक के पैर गमछे से बंधे हुए थे। शव के पास एक डंडा भी पड़ा था। इन परिस्थितियों को देखते हुए परिजनों ने हत्या किए जाने की आशंका जताई है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उनका आरोप है कि परमानंदपुर के सूरज मंडल के दामाद ने विद्यानंद सादा को जान से मारने की धमकी दी थी। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। मृतक के परिवार में पत्नी, छह बेटियां, एक बेटा और बहू हैं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। सुपौल सदर अस्पताल भेजा जा रहा बॉडी परमानंदपुर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि मोहम्मद अकलाख ने कहा कि पुलिस मामले की निष्पक्ष जांच करे, ताकि कोई निर्दोष नहीं फंसे और दोषी बच नहीं पाए। उन्होंने दोषियों को कठोर सजा देने की मांग की, ताकि भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो। इधर, करजाइन थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने सोमवार सुबह करीब 11 बजे बताया कि परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सुपौल सदर अस्पताल भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
सुपौल में खेत से मजदूर का शव मिला:पैर गमछे से बंधे थे, परिजनों ने मर्डर का आरोप लगाया
