Headlines

रजौन में अनियंत्रित कार तालाब में गिरी, एक की मौत:तीखे मोड़ पर हुआ हादसा, अन्य सवारों की तलाश में जुटी पुलिस




बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। भागलपुर-हंसडीहा मुख्य मार्ग से खुशहालपुर जाने वाली सड़क पर एक अनियंत्रित कार पानी से भरे गहरे तालाब में जा गिरी। हादसे में कार सवार एक अज्ञात अधेड़ व्यक्ति का शव बरामद हुआ है, जबकि कार में अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका को देखते हुए देर रात तक राहत एवं बचाव कार्य जारी रहा। तीखे मोड़ पर बेकाबू होकर तालाब में गई घटना शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, कार भागलपुर-हंसडीहा मुख्य मार्ग से रैयपुरा मोड़ होकर खुशहालपुर और सिंहनान गांव जाने वाली सड़क से गुजर रही थी। इसी दौरान धोबीडीह गांव से ठीक पहले एक तीखे मोड़ पर कार बेकाबू हो गई और सीधे सड़क किनारे बने गहरे तालाब में जा गिरी। जलती बैक लाइट देखकर राहगीर ने देखा घटना के तुरंत बाद रास्ते से गुजर रहे एक राहगीर की नजर तालाब के अंदर जल रही कार की बैक लाइट पर पड़ी। अनहोनी की आशंका जताते हुए राहगीर ने तुरंत शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े और घटना की सूचना रजौन थाना पुलिस को दी। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए पानी से एक अधेड़ व्यक्ति को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। 30 फीट गहरा है तालाब सूचना मिलते ही रजौन थाने के अपर थानाध्यक्ष विनोद कुमार, एसआई पवन कुमार और एसआई शुभम कुमार पुलिस बल व सीएचसी की एम्बुलेंस के साथ मौके पर पहुंचे। रजौन थाने के एसआई पवन कुमार और स्थानीय ग्रामीण सह जदयू युवा प्रदेश महासचिव विपिन कुशवाहा ने बताया कि तालाब लगभग 25 से 30 फीट गहरा है और पूरी तरह पानी से भरा हुआ है। पानी गहरा होने के कारण रात के अंधेरे में रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अन्य लोगों की तलाश में जुटी पुलिस खबर लिखे जाने तक पुलिस और स्थानीय ग्रामीण कार को तालाब से बाहर निकालने और उसमें सवार अन्य संभावित लोगों की तलाश में जुटे हुए थे। मृतक अधेड़ की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *