Headlines

मधुबनी में 4 बार चाकू मारकर महिला की हत्या:बाइक की किस्त को लेकर चल रहा था विवाद, वॉयस मैसेज भेजकर हस्बैंड को दी जानकारी




मधुबनी के भैरवस्थान थाना क्षेत्र के सर्वसीमा गांव में सोमवार की रात लव मैरिज के 3 महीने बाद युवती की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान दरभंगा जिले के उजान सोनपुर उजान गांव निवासी शिवम राय उर्फ बाला की पत्नी काजल (22) के रूप में हुई है। इस मामले में मृतका की मां दुर्गा देवी ने गांव के जतीन चौधरी उर्फ विपुल चौधरी और रोहित यादव के खिलाफ भैरवस्थान थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। आवेदन में दुर्गा देवी ने बताया कि आरोपियों ने पहले दिन में मेरे साथ मारपीट की। इसके बाद रात में दोबारा आकर मेरी बेटी काजल कुमारी पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल काजल को ग्रामीणों की मदद से सदर अस्पताल, मधुबनी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दुर्गा देवी ने बताया कि सोमवार को दोपहर करीब दो बजे वह अपने आंगन में अकेली थीं। इसी दौरान गांव के जतीन चौधरी उर्फ विपुल चौधरी (22) और रोहित यादव (15) साइकिल से उनके आंगन में पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने उनके साथ गाली-गलौज की और डंडे से मारपीट करने लगे। उनकी आवाज सुनकर पड़ोस की बुधिया देवी को आते देख दोनों आरोपी साइकिल से फरार हो गए। आरोपी ने बेटी के शरीर पर 4 जगह किए वार उसी रात करीब नौ बजे दोनों आरोपी फिर से दुर्गा देवी के घर पहुंचे। इस दौरान रोहित यादव कथित तौर पर डंडे से दुर्गा देवी के साथ मारपीट करने लगा, जबकि विपुल चौधरी ने उनकी बेटी काजल कुमारी पर चाकू से हमला कर दिया। आरोप है कि चाकू से शरीर पर तीन से चार जगह वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। ग्रामीणों के पहुंचने पर फरार हुए आरोपी दुर्गा देवी के अनुसार, शोर सुनकर मंजू देवी, अर्चना देवी, राजेश कामत और कुशेश्वर कामत मौके पर पहुंचे। लोगों को आता देख जतीन चौधरी ने रोहित यादव को भागने के लिए कहा। इसके बाद दोनों आरोपी काले रंग की मोटरसाइकिल से फरार हो गए। ग्रामीण घायल काजल कुमारी को तत्काल सदर अस्पताल, मधुबनी ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं मृतका के पति शिवम राय ने बताया कि आरोपी विपुल चौधरी मेरा दोस्त था। शादी से पहले मैंने उसके नाम पर एक बाइक ली थी। उसका डाउन पेमेंट भी मैंने ही किया था। मेरी पत्नी ने कुछ दिन पहले विपुल को बाइक की पहली किस्त के लिए 10 हजार रुपए दे दिए थे। जिसे विपुल किसी और काम में खर्ज कर मेरी पत्नी से दोबारा पैसा मांग रहा था। इसका विरोध करने पर उससे हमारा विवाद चल रहा था। पत्नी की हत्या कर पति को भेजा वॉयस मैसेज मृतका के पति ने बताया कि विपुल काजल के मायके जाकर हंगामा करने लगा। वहां उसने पैसे की मांग को लेकर उसकी मां से झगड़ा किया। इसके बाद उन्हें 2 थप्पड़ मार दिए। काजल को जब इसके बारे में पता चला तो वो मायके जाने की जिद्द करने लगी। इसके बाद मैं उसे लेकर उसके घर गया। सोमवार की शाम फिर थाने जाकर हम दोनों ने मां के साथ हुई मारपीट की शिकायत की। इसके बाद काजल ने मुझे ये बोलकर दरभंगा भेज दिए की आप जाव नहीं तो कही वो आपके साथ भी मारपीट न करने लगे। काजल की बात मानकर मैं दरभंगा लौट आया और वो अपनी मां के घर चली गई। वहीं रात में विपुल ने मेरी पत्नी की चाकू मारकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने मुझे वॉयस मैसेज भेजकर इसकी जानकारी दी। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने मृतका की मां के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों के विरुद्ध आगे की कार्रवाई पुलिस जांच के आधार पर की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *