![]()
नालंदा। जिले के सिलाव प्रखंड के सुरुमपुर गांव निवासी अंतरराष्ट्रीय कबड्डी रेफरी राणा रणजीत सिंह का चयन प्रथम कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप (पुरुष एवं महिला) 2026 के लिए अंतरराष्ट्रीय तकनीकी पदाधिकारी के रूप में हुआ है। एमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव जितेंद्र पी. ठाकुर ने पत्र जारी कर उनकी नियुक्ति की पुष्टि की है। अहमदाबाद में आयोजित होगी चैंपियनशिप यह अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप गुजरात के अहमदाबाद स्थित वीर सावरकर स्टेडियम में 30 अक्टूबर तक आयोजित की जा रही है। इसमें मैचों का सफल और निष्पक्ष संचालन कराने की जिम्मेदारी राणा रणजीत सिंह निभाएंगे। वर्तमान में वे राजगीर स्थित राज्य खेल अकादमी में बालिका कबड्डी खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दे रहे हैं। उनके चयन से जिले के खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों में खुशी है। दो वर्ल्ड कप और प्रो-कबड्डी के 12 सीजन का अनुभव राणा रणजीत सिंह को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रेफरी की भूमिका निभाने का लंबा अनुभव है। वे 2012 और 2016 के कबड्डी वर्ल्ड कप, चीन में आयोजित 19वें एशियन गेम्स, दुबई मास्टर्स कबड्डी और भारत-ऑस्ट्रेलिया सीरीज में ऑफिशियल की भूमिका निभा चुके हैं। इसके अलावा, वे प्रो-कबड्डी लीग के पहले सीजन से लेकर 12वें सीजन तक मैचों का संचालन कर चुके हैं। राष्ट्रीय खेल, खेलो इंडिया यूथ गेम्स और नेशनल कबड्डी चैंपियनशिप में भी उनकी सक्रिय भागीदारी रही है। उत्कृष्ट कार्यों के लिए उन्हें भारत के ‘बेस्ट रेफरी अवार्ड’ से सम्मानित किया जा चुका है। कुमार विजय सिंह को दिया सफलता का श्रेय राणा रणजीत सिंह ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय बिहार राज्य कबड्डी संघ के चेयरमैन कुमार विजय सिंह को दिया है। उन्होंने कहा कि कुमार विजय सिंह के निरंतर मार्गदर्शन और प्रोत्साहन से ही वे गांव से निकलकर अंतरराष्ट्रीय मंच पर बिहार और नालंदा का प्रतिनिधित्व कर पा रहे हैं। उनकी उपलब्धि पर जिले के विभिन्न खेल संघों, खिलाड़ियों और प्रबुद्धजनों ने बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
Source link
नालंदा- राणा रणजीत निभाएंगे कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप में बड़ी जिम्मेदारी:2 वर्ल्ड कप और प्रो-कबड्डी के 12 सीजन में करा चुके हैं मैच; बेस्ट रेफरी अवॉर्ड मिल चुका
